Varanasi News: शहरवासियों के लिए बेहद राहत भरी खबर है। लोगों को बहुत जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। डीएम एस राजलिंगम ने अधिकारियों के साथ बैठक की है। इसमें निर्णय लिया गया कि, शहर की सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चार फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। वरुणा नदी पर एक पुल भी बनवाया जाएगा। इसकी कार्ययोजना बनाने की जिम्मेदारी सेतु निगम को दी गई है। डीएम एस राजलिंगम ने बताया कि, पांडेयपुर चौराहा से रिंग रोड और कचहरी से संदहा सड़क के चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया है। रिंग रोड को शहर से जोड़ने के लिए आठ से 10 कनेक्टिंग सड़क बनवाने के लिए कहा है।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर लगे डिवाइडर का सर्वे कराकर उसे फिर से एडजस्ट कराने का निर्देश जारी किया। ताकि यातायात सुगम तरीके से संभव हो। शहर की वरुणा नदी के दोनों किनारों पर इंटरलॉकिंग है, जिसको ऑटो, दो पहिया वाहन एवं रिक्शा संचालन के लिए इस्तेमाल कराए जाने की सलाह दी।
