वाराणसी

Way to Varanasi Airport: वाराणसी वासियों को नए साल का बड़ा तोहफा, एयरपोर्ट जाना होगा बेहद आसान, तीन नए आरओबी बनेंगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2022, 02:13 PM IST

Varanasi Rob Construction: नए साल में वाराणसी को कई बड़ी सौगात मिल रही हैं। इनमें एक है तीन नए रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण होना। इन आरओबी के बनने से शहरवासियों का कई रूट पर आवागमन बेहद आसान हो जाएगा। फिलहाल रेल लाइनों से ट्रेन गुजरने के समय लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। आरओबी बनने के बाद लोग पुल से उस क्षेत्र को पार कर जाएंगे।

Image

रेलवे ओवरब्रिज का चल रहा निर्माण कार्य। फाइल फोटो

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 139.28 करोड़ रुपए से बनाए जाएंगे तीन रेलवे ओवरब्रिज
  • तीन आरओबी बनने से दो लाख राहगीरों का आवागमन होगा आसान
  • रेलवे को भी परियोजना में किया गया है शामिल

Varanasi News:वाराणसी जिले को राज्य सरकार से तीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की मंजूरी मिली है। सरकार ने तीनों आरओबी के निर्मण के लिए फंड भी जारी कर दिया है। इन तीनों के निर्माण पर 139.28 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। ओवर ब्रिज के बन जाने के बाद पूर्वांचल के दो लाख राहगीरों को काफी सहूलियत होगी। वाराणसी से आसपास के जिलों की दूरी भी काफी कम हो जाएगी। इतना ही नहीं एयरपोर्ट आना-जाना सुगम हो जाएगा।

फिलहाल रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से वाहन सवार परेशान रहते हैं। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द आरओबी के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बारे में सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक दीपक गोविल का कहना है कि प्रशासन ने तीनों आरओबी को अपनी कार्यसूची में जगह दी है। अब जल्द ही निर्माण का कार्य शुरू होना है। इससे वाराणसी एवं आसपास के जिले लाभान्वित होंगे। आरओबी निर्माण में रेलवे को भी जोड़ा गया है। रेलवे अपने हिस्से का निर्माण कार्य पूरा करवाएगा।

चौखंडी क्रॉसिंग पर आरओबी बनने से एयरपोर्ट जाना होगा आसान

जंसा-रामेश्वर मार्ग पर लोहता चौखंडी के समपार संख्या 13 स्पेशल पर टू लेन आरओबी बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 670 मीटर होगी। इसका निर्माण 53 करोड़ रुपए से पूरा होगा। चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनने के बाद एयरपोर्ट जाना काफी आसान हो जाएगा। मिर्जापुर, भदोही, चंदौली समेत कई जिलों की दूरी कम समय में तय हो जाएगी। इलाके के किसान भी लाभान्वित होंगे। वे सब्जी राजातालाब मंडी में आसानी से ला सकेंगे।

पूर्वांचल के कई जिलों की दूरी घटेगी

बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर कादीपुर क्रॉसिंग के ऊपर आरओबी बनना है। यह पूर्वोत्तर रेलवे के कादीपुर स्टेशन के पास समपार नंबर 12सी टू लेन के अंतर्गत आता है। आरओबी 645 मीटर लंबी बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर 38.27 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। इसके बन जाने के बाद पूर्वांचल की सड़क कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। वाराणसी से गाजीपुर, चंदौली, मऊ, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़ की दूरी काफी कम समय में तय हो सकेगी। इसके अतिरिक्त मुनारी, हंडिया डीह, लटौनी, देवलपुर, चुमकुनी, छित्तमपुर, अजाव, कादीपुर कला, बर्थरा खुर्द, गरथौली, धौरहरा, भगवानपुर, कुर्सियां चौबेपुर, सुंगुलपुर, कौवापुर आदि गांव के लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article