वाराणसी

MNCU Ward will be Made in Health Centers in Varanasi: जिले के 13 स्वास्थ्य केंद्रों पर बनेगा एमएनसीयू वार्ड, कम वजन वाले नवजात को मिलेगा नया जीवन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 4, 2023, 07:02 PM IST

Varanasi News: वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एक और पहल की गई है। इसके तहत जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में एमएनसीयू वार्ड खोले जाएंगे। इसके संचालन के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण भी दे दिया गया है। वहीं, बेहतर संचालन के लिए सीईएल का भी सहयोग लिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों में इस वार्ड का निर्माण शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Image

पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय, जहां बनेगा एमएनसीयू वार्ड

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कंगारू मदर केयर विधि से हाईपोथर्मिया एवं अन्य समस्याओं से बचाए जा सकेंगे नवजात
  • एमएनसीयू वार्ड बनाने में सीईएल का लिया जाएगा वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग
  • वार्ड शुरू होने से शिशु मृत्यु दर में आएगी कमी


Varanasi Health Centers Development: जिले के स्वास्थ्य केंद्र अब नवजात के इलाज के लिए बेहतर होंगे। यहां नवजातों के लिए मातृ-नवजात शिशु देखभाल यूनिट (एमएनसीयू) वार्ड बनेंगे। इसका निर्माण 13 स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाना है। इस वार्ड के संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी की अध्यक्षता में सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्साधिकारियों और स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी के मुताबिक कम वजन के नवजात शिशुओं को कंगारू मदर केयर (केएमसी) विधि से हाईपोथर्मिया एवं अन्य परेशानियों से बचाया जाएगा। इससे मां का नवजात से स्नेह बढ़ेगा और उसके स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा।

एमएनसीयू वार्ड बनाने में कम्युनिटी एंपावरमेंट लैब (सीईएल) संस्था का वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग लिया जाएगा। इस वार्ड में कम वजन के नवजात शिशु को मां के साथ केएमसी देकर बेहतर तरीके से प्रशिक्षित स्टाफ नर्स एवं डॉक्टर के माध्यम से इलाज किया जाएगा। ताकि शिशु मृत्यु दर में कमी आए।

नवजात शिशु के मुताबिक रखा जाएगा तापमान

एमएनसीयू वार्ड को विशेष सुविधाओं के साथ बनाया जाना है। इसमें नवजात शिशु के मुताबिक तापमान रखा जाएगा। यह कम वजन के नवजात शिशु को नया जीवन देगा। सीएमओ का कहना है कि इससे सभी इलाकों में शिशु मृत्यु दर कम होगी। नतीजतन, पूरे जिले की शिशु मृत्यु दर कम हो जाएगी।

इन जगहों पर बनेंगे एमएनसीयू वार्ड

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अर्बन सीएचसी चौका घाट, अर्बन सीएचसी शिवपुर, अर्बन सीएचसी दुर्गाकुंड, अर्बन सीएचसी काशी विद्यापीठ, सीएचसी अराजीलाइन, सीएचसी चोलापुर, पीएचसी हरहआ, पीएचसी सेवापुरी, पीएचसी पिंडरा, डीडीयू चिकित्सालय पांडेपुर, एलबीएस चिकित्सालय रामनगर, आईएमएस बीएचयू में एमएनसीयू वार्ड बनाया जाएगा।

ब्लॉकस्तरीय यूनिट भी बनेगी

प्रदेश में ब्लॉकस्तरीय एमएनसीयू वार्ड भी बनाया जाना है। इसकी शुरुआत सेवापुरी में हो रही है। यहां छह बेड की यूनिट बनाई जाएगी। इसके अलावा कबीर चौरा स्थित जिला महिला चिकित्सालय एवं दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय के एमसीएच विंग में भी एमएनसीयू वार्ड बनाया जाना है। इन दोनों अस्पतालों की यूनिट जिलास्तरीय रहेगी। खास बात है कि वार्ड को गुलाबी एवं अन्य रंगों से सुसज्जित किया जाएगा। ताकि बच्चे आकर्षित हों। वाराणसी के आसपास के कुछ जिलों के अस्पताल में पहले से यह वार्ड संचालित हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article