वाराणसी

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार, जल्द खुलेगा PWD का अस्थाई दफ्तर

पीडब्ल्यूडी के अस्थाई दफ्तर को लेकर दालमंडी में हड़कंप की स्थिति है। अभियान की जद में आने वाले दुकानदार फैसले का विरोध कर रहे हैं। दुकानदारों का आरोप है कि मुसलमानों को परेशान करने के लिए सड़क चौड़ीकरण का फैसला लिया गया है।

Image

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार

पूर्वांचल के सबसे बड़े थोक बाजार दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के काम ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। तय समय के अंदर निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। इसके तहत दालमंडी के अंदर ही कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी का अस्थाई दफ्तर खोला जाएगा। माना जा रहा है विजयादशमी के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और कर्मचारी अस्थाई दफ्तर से निर्माणकार्य को गति देंगे।

विभागीय दफ्तर के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

अस्थाई दफ्तर कहां खोला जाएगा, इसे लेकर जगह तय नहीं है। दालमंडी स्थित प्राइमरी स्कूल में ट्रायल के तौर पर दफ्तर खोला गया था लेकिन बच्चों की पढ़ाई में खलल को देखते हुए अब इसे दूसरी जगह इसे शिफ्ट किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह के मुताबिक दुकानदारों और मकान मालिकों की सहूलियत को देखते हुए दालमंडी के अंदर ही दफ्तर खोलने का निर्णय लिया गया है। अभियान से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए उन्हें विभागीय दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुआवजे सा संबंधित कागजी कार्य इसी दफ्तर में पूरा किया जाएगा।

दुकानदारों ने किया फैसले का विरोध

पीडब्ल्यूडी के अस्थाई दफ्तर को लेकर दालमंडी में हड़कंप की स्थिति है। अभियान की जद में आने वाले दुकानदार फैसले का विरोध कर रहे हैं। दुकानदारों का आरोप है कि मुसलमानों को परेशान करने के लिए सड़क चौड़ीकरण का फैसला लिया गया है। सरकार के इस कदम से दालमंडी के लाखों लोग भुखमरी के कगार पर आ जाएंगे।

चौड़ीकरण की जद में छह मस्जिदें भी

दरअसल, नई सड़क से चौक पुलिस थाने के बीच दालमंडी की 600 मीटर सड़क को चौड़ा किया जाना है। सड़क की चौड़ाई 17.5 मीटर होगी। इसकी वजह से लगभग 189 दुकानें और मकान प्रभावित होगा। अभियान की जद में दालमंडी की 6 प्राचीन मस्जिदें भी आ रही है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने सभी दुकानदार और मस्जिदों के आगे लाल निशान लगा दिया है। मुआवजे की रकम बांटने का कार्य अब शुरू होने वाला है। सरकार की कोशिश है कि काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान हो। इसके मद्देनजर दालमंडी की मुख्य सड़क चौड़ा किया जा रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article