varanasi roadways Service: होली पर लोगों को आसान सफर मुहैया कराने के लिए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। 12 रूटों पर 160 अतिरिक्त बसों का संचालन हो रहा है। निगम ने तय किया है कि मंगलवार और बुधवार को रोडवेज की बसें 20-25 यात्री होने पर भी रवाना होंगी। बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से रोडवेज की आय में भी इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों में रोडवेज को 60-70 लाख रुपए का राजस्व होता था, जबकि रविवार को निगम को 90 लाख रुपए का राजस्व हुआ है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव शर्मा के मुताबिक मंगलवार को रोडवेज को एक करोड़ रुपए राजस्व होने का अनुमान है। एआरएम ग्रामीण डिपो विजय श्रीवास्तव का कहना है कि होली के मद्देनजर 10 दिनों के लि विशेष प्रोत्साहन राशि तय की गई है। हर दिन 300 किलोमीटर बस चलाने पर प्रतिदिन के हिसाब से 400 रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ऐसे ही चालकों और परिचालकों को तय मानक से अधिक किलोमीटर बस संचालित करने पर प्रति किलोमीटर के हिसाब से 55 पैसे प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
