शहर

Varanasi: 70 साल की परेशानी का ‘इलाज’, भेलूपुर में 78 करोड़ से बदलेगी पानी-सीवर की तस्वीर

वाराणसी के भेलूपुर वार्ड नंबर 51 में में 78.26 करोड़ रुपये की सीवर, पेयजल, सड़क और मिनी ट्यूबवेल परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। 72.71 करोड़ रुपये से 17 किलोमीटर सीवर-पेयजल लाइन और घरेलू कनेक्शन किए जाएंगे।

Image

भेलूपुर में 78.26 करोड़ रुपये के सीवर और पेयजल परियोजनाओं का शुभारंभ (सांकेतिक फोटो)

Varanasi News: वाराणसी के भेलूपुर इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहतभरी खबर है। यहां सीवर जाम, ओवरफ्लो और जलभराव की लगभग 70 साल पुरानी समस्या को दूर करने के लिए 78.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के रामलीला मैदान, गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

घर-घर पहुंचेगा सीवर और पानी का कनेक्शन

इन परियोजनाओं में सबसे बड़ा काम 72.71 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इसके तहत भेलूपुर क्षेत्र में करीब 17 किलोमीटर लंबी सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। घरों को भी इस नई पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए 4.55 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। वहीं मिनी ट्यूबवेल लगाने और री-बोरिंग के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस तरह सभी विकास कार्यों की कुल लागत 78.26 करोड़ रुपये है।

70 साल पुरानी समस्या के समाधान का दावा

इन परियोजनाओं का मकसद क्षेत्र की करीब 70 साल पुरानी सीवर और पेयजल से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान करना है। अधिकारियों के अनुसार, काम पूरा होने के बाद सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या में निजात मिल जाएगी। साथ ही लोगों को घरों तक साफ पेयजल की लगातार आपूर्ति उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। भेलूपुर समेत पुराने वार्डों में सीवर और पेयजल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए इसी तरह के विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं। परियोजनाओं का एक मकसद जलभराव की समस्या को कम करना भी है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

कुछ महीनों तक लोगों को हो सकती है परेशानी

मेयर अशोक कुमार तिवारी ने के अनुसार, नई सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान लोगों को कुछ महीनों तक आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने के बाद सीवर जाम और ओवरफ्लो से राहत मिलेगी। साथ ही हर घर तक लगातार साफ पेयजल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, प्रतिनिधि, नामित पार्षद, नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी के विकास से जोड़ा गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article