शहर

दिल्ली-NCR में साइबर गुलामी के इंटरनेशनल सिंडिकेट का भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिक मुक्त; पासपोर्ट जब्त कर कराते थे ठगी

दिल्ली-NCR में एक कॉल सेंटर चलाया जा रहा था, जहां इन विदेशी नागरिकों से उनके ही देशों के लोगों को फोन करवाकर साइबर ठगी कराई जाती थी। खास बात यह है कि ठगी के इस नेटवर्क में कुछ पुरुषों को महिला बनकर बात करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी, ताकि फोन पर लोगों का भरोसा जीता जा सके और उन्हें आसानी से ठगी का शिकार बनाया जा सके।

Image

साइबर गुलामी के इंटरनेशनल सिंडिकेट का भंडाफोड़।

Photo : iStock

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने साइबर गुलामी और मानव तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क के चंगुल से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया है। इनमें 92 इंडोनेशिया और 72 मलेशिया के नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने इस सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। इस पूरे नेटवर्क में दो भारतीय नागरिकों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, इस सिंडिकेट का जाल दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों तक फैला हुआ था। आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था। वे कम्बोडिया, मलेशिया और इंडोनेशिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत में नौकरी और बेहतर कमाई का झांसा देकर बुलाते थे। भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ साइबर फ्रॉड करने के लिए मजबूर किया जाता था।

दिल्ली-NCR में चल रहा था साइबर फ्रॉड का कॉल सेंटर

जांच में सामने आया है कि दिल्ली-NCR में एक कॉल सेंटर चलाया जा रहा था, जहां इन विदेशी नागरिकों से उनके ही देशों के लोगों को फोन करवाकर साइबर ठगी कराई जाती थी। खास बात यह है कि ठगी के इस नेटवर्क में कुछ पुरुषों को महिला बनकर बात करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी, ताकि फोन पर लोगों का भरोसा जीता जा सके और उन्हें आसानी से ठगी का शिकार बनाया जा सके।

इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 साल तक के युवा शामिल थे, जिन्हें कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया था। उन्हें डराया-धमकाया जाता था और विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।

एक ईमेल से खुला अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का राज

जॉइंट सीपी सुरेंद्र जाखड़ के मुताबिक, इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक विदेशी नागरिक ने ईमेल के जरिए अपनी आपबीती पुलिस को बताई। ईमेल में उसने अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड कराए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की और मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पता चला।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को रेस्क्यू कराया। इसके बाद विदेश मंत्रालय और संबंधित दूतावासों को भी इसकी जानकारी दी गई है। विदेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए FRRO की मदद ली जा रही है।

नोएडा में किराए पर लिया था PG,लाने-ले जाने के लिए कैब का इंतजाम

जांच में यह भी सामने आया है कि सिंडिकेट के मास्टरमाइंड ने नोएडा में लाखों रुपये किराए वाला PG लिया हुआ था, जहां इन विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। इन्हें कॉल सेंटर तक लाने और वापस ले जाने के लिए दर्जनों कैब भी किराए पर लगाई गई थीं। यानी इस पूरे नेटवर्क को एक संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।

छापेमारी में बड़ी संख्या में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर मनमीत मलिक के मुताबिक इस कार्रवाई के दौरान साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए जा रहे बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।

355 मोबाइल फोन

168 डेस्कटॉप कंप्यूटर

26 लैपटॉप

दर्जनों सिम कार्ड

150 से ज्यादा पासपोर्ट

इसके अलावा इंटरनेट रोमिंग और संचार से जुड़े उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

दो भारतीय आरोपी भी रडार पर, विदेश भागे आरोपी की तलाश

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक के साथ दो भारतीय नागरिक भी इस सिंडिकेट में शामिल थे। सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार विदेश भाग चुका है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच और कार्रवाई जारी है।

फिलहाल गिरफ्तार मास्टरमाइंड से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के तार किन-किन देशों से जुड़े हैं, साइबर ठगी से कितनी रकम जुटाई गई और इस पूरे सिंडिकेट में भारत में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साइबर अपराध और मानव तस्करी के उस खतरनाक गठजोड़ को उजागर किया है, जिसमें नौकरी का झांसा देकर युवाओं को दूसरे देश लाया जाता है और फिर उन्हें साइबर ठगी के धंधे में धकेल दिया जाता है।

क्या है साइबर स्लेवरी

साइबर स्लेवरी यानी साइबर गुलामी ऐसी स्थिति है,जिसमें लोगों को धोखे, दबाव, धमकी या बंधक बनाकर ऑनलाइन ठगी और दूसरे साइबर अपराध करने के लिए मजबूर किया जाता है। इसमें अक्सर नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर लोगों को दूसरे देश ले जाया जाता है।

वहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेज छीन लिए जाते हैं। इसके बाद उन्हें कॉल सेंटर या ऑनलाइन ठगी के ठिकानों पर काम करने के लिए मजबूर किया जाता है। कई मामलों में विरोध करने पर शारीरिक हिंसा और मानसिक प्रताड़ना भी दी जाती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article