शहर

उत्तराखंड STF को बड़ी सफलता; करोड़ों की लूट और राजनीतिक हत्या में फरार मोस्ट वांटेड अपराधी हुआ गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली है। बिहार के कुख्यात सुबोध गैंग के शातिर बदमाश मो. राहुल उर्फ मो. शाकिब को हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 3 करोड़ 70 लाख की ज्वैलरी लूट और एक राजनीतिक हत्या के मामले में वांछित था। यह गिरफ्तारी अंतरराज्यीय अपराध पर सटीक कार्रवाई मानी जा रही है।

Image

उत्तराखंड STF ने बिहार के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर को पकड़ा

Photo : Times Now Digital

Uttarakhand News: उत्तराखंड एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने बिहार के कुख्यात सुबोध गैंग के शातिर बदमाश मो. राहुल उर्फ मो. शाकिब को गिरफ्तार किया है। आरोपी 3 करोड़ 70 लाख रुपये की ज्वैलरी लूट और एक राजनीतिक हत्या के मामले में वांछित था। बिहार के जनपद पूर्णिया में 26 जुलाई 2024 को खजांची हाट थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क शोरूम में 6 बदमाशों ने हथियारों के बल पर 3 करोड़ 70 लाख रुपये की ज्वैलरी लूट ली थी। इस मामले में चुनमुन झा नाम का एक बदमाश पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था, जबकि चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। मुख्य आरोपी मो. राहुल उर्फ शाकिब घटना के बाद से ही फरार था और अपनी पहचान छुपाकर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में रह रहा था।

विशेष अभियान में तहत मिली सफलता

उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ टीम को यह सफलता मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में एसटीएफ को बिहार एसटीएफ से जानकारी मिली कि वांछित आरोपी हरिद्वार के कलियर थाना क्षेत्र में छुपा हुआ है। एसटीएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 13 जुलाई 2025 को धर दबोचा।

अपराधी का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. राहुल उर्फ मो. शाकिब के रूप में हुई है। वह अब्दुल रफीक का पुत्र है और बिहार के पूर्णिया जनपद के थाना मधुबनी क्षेत्र स्थित मौलवीबाड़ी, अंडा चौक का निवासी है। मो. राहुल उर्फ शाकिब पर लूट और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में उसने अपने साथी चुनमुन झा और अन्य गैंग सदस्यों के साथ मिलकर लोक जनशक्ति पार्टी के एक नेता की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह दो वर्ष की सजा भी काट चुका है।

उत्तराखंड पुलिस की बड़ी उपलब्धि

मामला खजांची हाट थाना पूर्णिया में मु.अ.सं. 372/2021 के तहत दर्ज है, जिसमें धारा 120बी, 302, 34, 364ए भादवि लगाई गई थी। वर्तमान में उसके खिलाफ थाना खजांची हाट, पूर्णिया में मु.अ.सं. 146/24, धारा 310(2), 311, 111, 249, 238 भा0न्या0सं0 2023 व धारा 25(1-b)(a), 26 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को उत्तराखंड पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article