शहर

यूपी में न्यू ईयर 2026 से पहले प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़, हाई अलर्ट पर प्रशासन

नया साल 2026 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे ही देशभर के भक्त उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों की ओर बढ़ रहे हैं। मथुरा, अयोध्या और वाराणसी में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है।

Preparations and Surge of Devotees at Major Temples Ahead of New Year 2026 (Symbolic Photo: Canva)

नए साल 2026 से पहले यूपी के बड़े मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम (सिंबॉलिक फोटो: Canva)

UP New Year 2026 Temple Crowd: जैसे-जैसे 2026 का आगमन करीब आ रहा है, देशभर से भक्तजन उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों में नव वर्ष का स्वागत करने के लिए पहुंचने लगे हैं। इसके चलते मथुरा-वृंदावन, अयोध्या और वाराणसी समेत सभी बड़े मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और मंदिर प्रबंधन नव वर्ष की पूर्व संध्या और उसके बाद आने वाले सप्ताहांत में लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए हाई अलर्ट पर हैं। भीषण ठंड और घने कोहरे के बावजूद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में भक्तों की भीड़

नव वर्ष के आगमन से पहले भक्तजन राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शहर के पुलिस अधीक्षक सी.पी. त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कड़ी जांच, क्षेत्रीय नियंत्रण और गश्त बढ़ा दी गई है। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि एक जनवरी 2026 तक सभी वीआईपी पास पहले ही बुक हो चुके हैं और उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने के बावजूद दर्शन प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से चल रही है।

वाराणसी में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी

वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में शीतकालीन छुट्टियों और नव वर्ष के मद्देनजर श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। उप जिलाधिकारी शंभू शरण के अनुसार, शनिवार रात तक चार लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है और अब केवल कतार के आधार पर 'झांकी दर्शन' की अनुमति दी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि 24 दिसंबर से प्रोटोकॉल और 'स्पर्श दर्शन' निलंबित कर दिए गए हैं और सुरक्षा के इंतजाम वैसा ही किया गया है जैसा श्रावण मास और महाकुंभ के दौरान किया जाता है।

मथुरा में नव वर्ष को लेकर प्रशासन तैयार

मथुरा में नव वर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा है। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम लागू किए हैं। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और ई-रिक्शा केवल निर्धारित मार्गों पर ही चल सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नव वर्ष की पूर्व संध्या और उसके बाद के सप्ताहांत में सबसे ज्यादा भीड़ होने की संभावना है, इसलिए इस दौरान केवल सीमित संख्या में छोटे वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।

7,000 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था

एसएसपी मथुरा ने बताया कि 7,000 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है, अस्पतालों को उन्नत किया गया है और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में ठाकुर जी की बाल अवस्था में पूजा की जाती है, इसलिए पूजा-अर्चना में विशेष सावधानी बरती जाती है ताकि उन्हें कोई असुविधा न हो। उन्होंने यह भी बताया कि ठाकुर जी को खिचड़ी प्रसाद अर्पित किया जाएगा।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article