शहर

कुकर से वार, दुपट्टे से गला घोंटा…फिर बैग में छिपाया शव; गाजियाबाद में मकान मालकिन की हत्या से सनसनी

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन से एक खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ओरा सुमेरा सोसाइटी में रहने वाली मकान मालकिन दीपशिखा शर्मा की उनके ही किराएदार दंपति ने कथित तौर पर निर्मम हत्या कर दी। किराए को लेकर हुए विवाद के बाद हुई इस वारदात ने रिश्तों और भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

गाजियाबाद में किराएदार दंपत्ति ने की मकान मालकिन की बेरहमी से हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ghaziabad Landlady Murder Case: गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा चमेरा सोसाइटी में रहने वाली मकान मालकिन दीपशिखा शर्मा की उनके ही किराएदार दंपति ने बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता पिछले छह महीनों से किराया नहीं दे रहे थे। इसी सिलसिले में मकान मालकिन जब किराया मांगने उनके फ्लैट पर पहुंचीं।

कैसे किया हमला?

आरोप है कि पति-पत्नी ने पहले दीपशिखा शर्मा के सिर पर कुकर से वार किया, फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उनकी जान ले ली। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उसे लाल रंग के बैग में भर दिया गया और उस बैग को बेड बॉक्स के अंदर छिपा दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

घरेलू सहायिका को हुआ शक

थाना नंदग्राम को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा सुमेरा सोसायटी में हत्या की घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना नंदग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच व पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उमेश शर्मा की पत्नी दीपशिखा शर्मा, निवासी एम-105 ओरा सुमेरा सोसायटी, किराया लेने अपने दूसरे फ्लैट पर गई थीं। देर रात तक उनके वापस न लौटने पर घरेलू सहायिका को संदेह हुआ, जिसके बाद वह संबंधित फ्लैट पर पहुंची और मामले का खुलासा हुआ।

कानूनी प्रक्रिया जारी

संदेह के आधार पर संबंधित मकान की तलाशी ली गई, जहां एक लाल रंग के बैग से दीपशिखा शर्मा का शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि फ्लैट में अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता किराएदार के रूप में रह रहे थे। दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परिजनों की ओर से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article