Kushinagar News: UP के कुशीनगर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। पिछले दिनों छपरा से लखनऊ आ रही छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन के भीतर एक बक्से से युवती का टुकड़ों में कटा हुआ बिना सिर का शव बरामद किया गया था। लखनऊ रेलवे सुरक्षा बल (GRP) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही दिनों के भीतर इस खौफनाक हत्याकांड को सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता अंसारी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी मर्जी के खिलाफ एक लड़के से फोन पर बात करने के कारण अपनी ही बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
लावारिस बक्से से मिली थी लाश
लखनऊ के जीआरपी एसपी (SP GRP) रोहित मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस दिल दहला देने वाले मामले का आधिकारिक खुलासा किया। उन्होंने बताया, "बीती 17 मई 2026 को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे स्टाफ को सूचना मिली थी कि छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन की S1 बोगी (स्लीपर कोच) में एक संदिग्ध लोहे का बक्सा और एक बैग लावारिस हालत में लादा गया है।" शिकायत पर जब सुरक्षाकर्मियों ने उस बक्से को खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बक्से के भीतर एक युवती के अंगों को बेरहमी से काटकर ठूंसा गया था, लेकिन उसका सिर गायब था।
CCTV फुटेज ने पुलिस को कातिलों तक पहुंचाया
इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए GRP और साइबर सेल ने ट्रेन के रूट पर पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने शुरू किए। सघन जांच के दौरान तमकुही रोड रेलवे स्टेशन (Tamkuhi Road Railway Station) का एक फुटेज हाथ लगा, जिसने इस पूरी वारदात का रुख मोड़ दिया। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि दो पुरुष और एक महिला मिलकर इस भारी-भरकम बक्से को ट्रेन के कोच में चढ़ा रहे थे।
'लड़के से बात करती थी, इसलिए मार डाला'
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज की और आखिरकार मुख्य आरोपी अंसारी को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के बाद अंसारी टूट गया और उसने जो सच उबला, उसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। उसने कबूल किया कि ट्रेन के डिब्बे में जो कटी हुई लाश मिली थी, वह उसकी अपनी सगी बेटी की थी। उसने बताया कि उसकी बेटी उसकी मर्जी के खिलाफ किसी लड़के से लगातार फोन पर बात करती थी। लोक-लाज और गुस्से के मारे अंसारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में ही बेटी की हत्या कर दी और पहचान छुपाने व लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसके शव को टुकड़ों में काट दिया।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद, सिर की तलाश जारी
जीआरपी एसपी रोहित मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी अंसारी की निशानदेही पर हत्या की वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार बरामद कर लिए हैं। हालांकि, मृतका का कटा हुआ सिर अभी तक पुलिस को बरामद नहीं हो सका है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों और झाड़ियों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को जेल भेज दिया है।
