उत्तर प्रदेश का मौसम (10 Jan 2026) UP Weather Today: यूपीवाले हो जाएं सावधान! शीतलहर के साथ बारिश-बिजली और कोहरे का अलर्ट, लोगों की बढ़ेंगी मुश्किलें
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 10, 2026, 05:15 AM IST
उत्तर प्रदेश का मौसम (उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बर्फीली हवाओं, घने कोहरे और बदले मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने ठंड के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
यूपी में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (10 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्द हवाओं ने रात ही नहीं, दिन के समय भी लोगों को बेहाल कर दिया है। पूरे प्रदेश में भीषण ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। एक बार फिर प्रदेश के मौसम ने खतरनाक रुख अपना लिया है।
कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के बीच अब मौसम और बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान घना कोहरा छाने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक मौसम का यह कहर आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है और लोगों की दिनचर्या पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है।
यूपी में तापमान का पूर्वानुमान
| दिन | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| शनिवार | 24° | 11° |
| रविवार | 24° | 12° |
| सोमवार | 22° | 9° |
| मंगलवार | 22° | 9° |
घने कोहरे का येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में घने कोहरे के छाने की संभावना जताई गई है। इससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो सकती है और वाहनों की रफ्तार प्रभावित होने का अंदेशा है। कोहरे से प्रभावित इलाकों में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर व देहात, आगरा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर और महोबा में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की संभावना जताई है, जिससे रबी की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। संभावित रूप से प्रभावित जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और संभल शामिल हैं। लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।
कोहरे और तापमान का पूर्वानुमान
इसके अलावा IMD की रिपोर्ट में कहा गया है कि, उत्तर प्रदेश में आने वाले 5 से 7 दिनों तक सुबह के वक्त घना कोहरा बने रहने की आशंका है, जिसका असर खासतौर पर पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में देखने को मिल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज 10 जनवरी को तथा इसके बाद 13 से 16 जनवरी के बीच सुबह के समय घने कोहरे का अनुमान जताया गया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 जनवरी तक और फिर 15 व 16 जनवरी को कोहरे की स्थिति गंभीर हो सकती है। तापमान की बात करें तो उत्तर प्रदेश, जो उत्तर-पश्चिम भारत के अंतर्गत आता है, वहां अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। भले ही शीत दिवस की स्थिति का असर पड़ोसी राज्यों में ज्यादा बताया जा रहा हो, लेकिन इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश में भी महसूस किया जा सकता है और ठंड का दौर फिलहाल जारी रहने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।