शहर

UP Weather: दिन में ही छूट रही कंपकंपी, चल रही ठंडी हवाएं; कई जिलों में कोल्ड डे अलर्ट

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-December-2025 लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी में जाने आज बारिश होगी या नहीं? यूपी के मौसम का पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश में सर्दी अब आम मौसम नहीं बल्कि चुनौती बनती जा रही है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट, घने से घना कोहरा और शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा यूपी का मौसम।

Image

नए साल पर और बढ़ सकती है ठंड

Photo : Times Now Digital

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-December-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि ठिठुरन सिर्फ रात तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि दिन के समय भी कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश को इस ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। कोहरे, शीतलहर और ‘कोल्ड डे’ की स्थिति ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

दिन में भी ठंड का प्रकोप

प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। बहराइच में दिन का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोरखपुर में लगातार 13वें दिन दिन का पारा सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। कई इलाकों में शीत दिवस और अति शीत दिवस जैसी स्थिति बन गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश चल रही सर्द हवाओं ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। इन हवाओं के कारण कोहरे का घनत्व बढ़ गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गोरखपुर, देवरिया और आसपास के इलाकों में दिन-रात के तापमान में अंतर काफी कम हो गया है, जिससे गलन बढ़ गई है।

घने कोहरे से थमी रफ्तार

घने से बहुत घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। सुबह और देर शाम विजिबिलिटी बेहद कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लगभग पूरे प्रदेश में कोहरे की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में दृश्यता 500 मीटर से भी कम रहने की आशंका है।

पश्चिमी विक्षोभ से और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। खासतौर पर रात के समय ठंड और गलन और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर समेत कई जिलों में घने से घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कानपुर, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आजमगढ़, बलिया और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लखनऊ-नोएडा में भी कोहरे की चादर

राजधानी लखनऊ में सुबह के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है, जहां दृश्यता 500 से 700 मीटर तक रह सकती है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 11 और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं नोएडा में भी दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी, हालांकि दोपहर तक मौसम कुछ हद तक साफ हो सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article