यूपी, उत्तराखंड में आज का मौसम (06 Jan 2026): उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों जमकर बर्फबारी हो रही है। कहीं-कहीं पर बारिश और ओलावृष्टि की भी खबरें हैं। पहाड़ों में बर्फ पड़ने की वजह से वहां तो ठंड का प्रकोप है ही, मैदानी इलाकों में भी सिहरन और गलन बढ़ गई है। कई दिनों तक धूप नहीं निकल रही है, जिसके कारण ठंड और भी ज्यादा महसूस हो रही है। यही कारण है कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर जारी है। आज यानी मंगलवार 6 जनवरी को भी यहां प्रचंड ठंड का प्रहार जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार कल यानी सोमवार 5 जनवरी की सुबह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई थी। घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर देखने को मिला। आज यानी मंगलवार को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और प्रचंड ठंड का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक कोहरे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी है।
ऊंचे पहाड़ों में बर्फबारी
उधर उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मंगलवार को भी बर्फबारी हो सकती है। मैदानी और तराई के इलाकों में भी तापमान नीचे बना रह सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए घने कोहरे और कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड के पहाड़ों में हो सकती है बर्फबारी (फोटो - AI)
NCR में घने कोहरे का अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली से सटे इलाकों, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और मेरठ के साथ ही सहारनपुर व मुजफ्फरनगर तक में मंगलवार तड़के घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी जारी की गई है। कई जगहों पर विजिब्लिटी 50 से 100 मीटर और कई जगहों पर शून्य विजिब्लिटी भी रही। घने कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। जगह-जगह जाम जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की भी खतरा बढ़ गया है, जिससे लोग सावधानी से गाड़ी चला रहे हैं।
प्रयागराज में कोहरा और ठंड ले रहा श्रद्धालुओं की परीक्षा
पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया और जौनपुर में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी दी गई है। बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज संगम पर माघ मेले में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, भीषण ठंड भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पा रही है। कोहरे के चलते रेल सेवाएं जरूर प्रभावित हो रही हैं और कई यात्री ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की रफ्तार कम की गई है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट (फोटो - AI Image)
कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में ठंडी हवाओं की कमी और नमी की अधिकता के कारण इन दिनों घना कोहरा बन रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
बुजुर्ग और बच्चे रखें अपना खास ख्याल
डॉक्टरों ने कोहरे और ठंड की स्थिति को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी ड्राइवरों से फॉग लाइट का इस्तेमाल करने, गाड़ी तेज न चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
