Mahoba Political Drama: उत्तर प्रदेश के महोबा में शुक्रवार को भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और एक पार्टी विधायक आमने-सामने आ गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मामला उस वक्त बिगड़ा जब कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर रास्ता रोका। इस दौरान, भाजपा विधायक ने स्वतंत्र देव सिंह के सामने सड़कों की बदहाली को लेकर अपनी नाराजगी जताई। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला
विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों संग कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का उस वक्त रोका जब वह 100 ग्राम प्रधानों के साथ युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। भाजपा विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत खोदे गए रास्तों को लेकर विरोध किया। जिसकी वजह से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। इस दौरान, नेताओं के बीच नोकझोकं भी हुई।
विधायक और मंत्री के बीच हुई नोकझोंक
बकौल भाजपा विधायक, उनके विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन का बेहद बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि कागजों में जिला पहले नंबर पर है, लेकिन धरातल में सड़कों की मरम्मत के नाम पर लापरवाही हो रही है। सदन में मामला उठाने के बावजूद अधिकारी कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह गए। ग्राम प्रधानों की ओर से शिकायतें होती हैं, लेकिन उनका निस्तारण नहीं हो रहा है। इस दौरान, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने धरातल पर स्थिति देखने की बात कही।
पुलिस के साथ समर्थकों की हुई बहस
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भाजपा विधायक के समर्थकों की सीओ सदर, कोतवाल के साथ बहस भी हुई। बदहाल सड़कों को लेकर हो रही बहस देखते ही देखते ज्यादा बढ़ गई। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भाजपा विधायक के समर्थकों को रोक रहे हैं।
