शहर

Moradabad Crime: मुरादाबाद में पत्नी ने प्रेमी भतीजे और बहन के साथ मिलकर पति को 3 घंटे तड़पाया, करंट और जहर देकर पहली मंजिल से नीचे फेंका

Moradabad Crime: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र में एक पत्नी ने अपने प्रेमी भतीजे, बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को 3 घंटे तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया। स्टेबलाइजर के तार से करंट देने और जहर पिलाने के बाद उसे पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मृतक पति पवन और आरोपी आंचल की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Moradabad Crime: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र से मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ढक्का इलाके में एक महिला के सिर पर अपने ही भतीजे के इश्क का ऐसा भूत सवार हुआ कि उसने रास्ते का कांटा बन रहे पति को रूह कंपा देने वाली मौत दे दी। आरोपी पत्नी ने इस खूनी साजिश में अपने प्रेमी भतीजे, अपनी सगी बहन और उसके बॉयफ्रेंड को भी शामिल किया। चारों ने मिलकर पीड़ित पति को पहले बांधकर बेरहमी से पीटा, स्टेबलाइजर के तारों से बिजली का करंट दिया और फिर जहर देकर पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे पूरा षड्यंत्र ताश के पत्तों की तरह ढह गया।

6 साल पहले हुई थी शादी, भतीजे से बढ़ीं नजदीकियां

जानकारी के मुताबिक, मझोला के ढक्का निवासी पवन की शादी 6 साल पहले आंचल नाम की युवती से हुई थी। दोनों की 3 साल की एक बेटी भी है। पवन अपनी छोटी सी दुनिया में खुश था, लेकिन इसी बीच उसके सगे चचेरे भाई के बेटे (भतीजे) अंकित का घर पर आना-जाना शुरू हो गया। पवन के ड्यूटी पर जाने के बाद अंकित अक्सर घर आता था। रिश्ते में भतीजा होने के कारण मोहल्ले वालों को कभी शक नहीं हुआ, लेकिन धीरे-धीरे आंचल और अंकित के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जब इस बात की भनक पवन को लगी, तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे। अपने प्रेम संबंध में बाधा बनते देख आंचल ने पति पवन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक प्लानिंग कर डाली।

म्यूजिक सिस्टम पर चलाए तेज गाने, फिर शुरू हुआ मौत का तांडव

आंचल ने इस साजिश में अपनी बहन शिखा और शिखा के बॉयफ्रेंड अजय को भी शामिल किया। हत्या को अंजाम देने के लिए शिखा 4 दिन पहले ही बहन के घर आ गई थी। योजना के तहत शाम को पवन के काम से घर लौटने से पहले अंकित और अजय बाजार से जहर लेकर घर पहुंच गए। जैसे ही पवन घर के अंदर आया, चारों ने उसे दबोच लिया। पवन ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, तो उसकी आवाज बाहर न जाए, इसके लिए पत्नी आंचल ने कमरे में रखे म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बजा दिए। चारों ने पवन को जमीन पर लेटाकर आंचल की चुन्नी से उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में रखे बिजली के स्टेबलाइजर से तार उखाड़े, उसे लकड़ी के डंडे और चम्मच से बांधा और पवन को कई बार तड़पा-तड़पाकर बिजली का करंट दिया। जब करंट से भी पवन की जान नहीं निकली, तो उसे जबरन जहर पिलाया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। अंत में जब पवन ने तड़पते हुए विरोध किया, तो आंचल, अंकित और अजय ने मिलकर उसे पहली मंजिल की सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया और खुद को बचाने के लिए शोर मचा दिया कि "पवन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली और जीने से गिर गया।"

3 महीने पहले ही मृतक ने जताया था जान का खतरा

शोर सुनकर पहुंचे पवन के भाई-बहन जब लहूलुहान पवन को अस्पताल ले जाने लगे, तो आंचल ड्रामा करने लगी और अपने पिता के आने का बहाना बनाकर शव को रोकने की कोशिश की। हालांकि, परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि करीब 3 महीने पहले ही पवन ने अपनी बहन को फोन कर कहा था कि "आंचल और उसके लोग मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं", लेकिन तब परिवार ने इसे सामान्य घरेलू विवाद समझकर सीरियस नहीं लिया था। अब पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाते हुए सभी चारों आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहा है।

चारों आरोपी गिरफ्तार

मझोला थाना पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पत्नी आंचल, प्रेमी भतीजे अंकित, बहन शिखा और उसके बॉयफ्रेंड अजय को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो चारों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article