शहर

जिपलाइन राइड बनी जानलेवा... तार टूटने से किशोर की दर्दनाक मौत; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

आगरा के ताजगंज इलाके में एक मनोरंजन स्थल पर जिपलाइन का तार टूटने से 16 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वह परिवार के साथ यहां घूमने गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संचालक कंपनी के मैनेजर को भी हिरासत में लिया है।

Image

आगरा में जिपलाइन हादसा, 16 वर्षीय किशोर की मौत

Agra Zipline Accident: आगरा के ताजगंज में एक मनोरंजन स्थल पर रविवार को खौफनाक हादसा हो गया। जहां जिप लाइनिंग राइड के दौरान 16 वर्षीय किशोर तार टूटने के कारण 45 फुट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो वहां मौजूद लोगों के मोबाइल में कैद हो गया। घटना के बाद एडवेंचर राइड संचालित करने वाली कंपनी पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कंपनी के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिरोजाबाद के व्यापारी का बेटा बना हादसे का शिकार

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब छह बजे ताजगंज इलाके के एक मनोरंजन स्थल पर हुई। फिरोजाबाद के चूड़ी व्यापारी पंकज अग्रवाल का बेटा कुणाल अग्रवाल (16) अपने परिवार के साथ घूमने गया था। कुणाल 'जिपलाइन' का आनंद ले रहा था, तभी बीच में ही तार टूट गया और वह सीधे जमीन पर गिर गया। अपर पुलिस उपायुक्त हिमांशु गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। किशोर को सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आगरा एडवेंचर पार्क में सुरक्षा पर सवाल

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मनोरंजन स्थल आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में है, जबकि साहसिक गतिविधियों का संचालन एक निजी कंपनी को दिया गया है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना के लिए ’जिपलाइन’ संचालित करने वाली कंपनी को जिम्मेदार माना जा रहा है। घटना के बाद इस स्थल पर सभी साहसिक गतिविधियां निलंबित कर दी गई हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें