शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (8 May 2026) UP Weather Today: 13 डिग्री तक लुढ़का यूपी का पारा, आज भी 30 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी; दो दिनों में बदलेगा मिजाज

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8 May 2026: उत्तर प्रदेश में बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी है। लखनऊ, जालौन और झांसी समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 13 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने आज (8 मई) को भी 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

यूपी में आज भी होगी बारिश

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (8 May 2026): उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का इंतजार कर रहे लोगों को कुदरत ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों से जारी बारिश और ठंडी हवाओं ने मई के महीने में सुहावने मौसम का अहसास करा दिया है। जालौन, झांसी और महराजगंज समेत तराई और बुंदेलखंड के इलाकों में हुई अच्छी बारिश से तापमान में 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

नजीबाबाद सबसे ठंडा, लखनऊ में रिकॉर्ड गिरावट (UP Rain Alert)

उत्तर प्रदेश का नजीबाबाद 25°C अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हुई तेज बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चली आंधी ने पारे को जबरदस्त तरीके से नीचे गिरा दिया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 29.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.2 डिग्री कम है। यहां न्यूनतम तापमान भी गिरकर 15°C तक पहुंच गया। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून जैसी बारिश देखने को मिली। जालौन में देश में सबसे अधिक 27 मिमी बारिश दर्ज की गई। महराजगंज में 23 मिमी और झांसी में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आज के लिए 'येलो अलर्ट': इन जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी (UP Weather Today)

मौसम विभाग ने आज, 8 मई को भी प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह 9 बजे के बाद से ही पूर्वांचल और तराई बेल्ट में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, और महराजगंज में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट है। गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर जैसे जिलों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी यूपी बुंदेलखंड इलाके की बात करें तो आज चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, इटावा और जालौन में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

क्यों बदला मौसम का मिजाज?

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को मौसम थोड़ा शुष्क रह सकता है, लेकिन 11 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 13 मई तक दोबारा बारिश और आंधी का सिलसिला शुरू हो सकता है।

सावधानी बरतने की अपील (IMD Advisory)

मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सलाह दी है कि बादलों की गरज और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न खड़े हों। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और टिन शेड वाले घरों में रहने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article