शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (21 Feb 2026) UP Weather Today: अगले 3 दिनों में तेजी से चढ़ेगा पारा, धूप होगी तीखी; यूपी के 75 जिलों के लिए IMD का ताजा अपडेट

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 Feb 2026: उत्तर प्रदेश में फरवरी के महीने में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। अयोध्या में पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया है, वहीं लखनऊ-नोएडा में धूप तीखी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने और सुबह कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं यूपी के मौसम का ताजा हाल।

Image

यूपी में गर्मी की दस्तक

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (21 Feb 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में इन दिनों विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जहां पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बादलों के आने से हल्की ठंडक महसूस हो रही है, वहीं पूर्वी जिलों में फरवरी के महीने में ही मार्च जैसी दोपहर का अहसास होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो अगले एक हफ्ते में तापमान में और इजाफा होगा, यानी यूपी में अब गर्मी की औपचारिक शुरुआत मान लेनी चाहिए।

अयोध्या में समय से पहले गर्मी

राम नगरी अयोध्या में मौसम ने तेजी से करवट ली है। यहां दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण दोपहर में अच्छी-खासी गर्मी पड़ रही है। स्थिति यह है कि 9 फरवरी को जो अधिकतम तापमान 27 डिग्री था, वह 20 फरवरी तक बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आलम यह है कि रात के तापमान में भी भारी उछाल आया है, जिसके कारण कुछ लोगों को अब सोते समय पंखा चलाने की जरूरत महसूस होने लगी है।

पश्चिमी यूपी में बादलों का पहरा

प्रदेश के पश्चिमी जिलों में मौसम अयोध्या के बिल्कुल उलट है। यहां आसमान में काले बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने गर्मी को थामे रखा है। सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है, जिससे लोगों को फिलहाल तीखी धूप से राहत मिली हुई है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 21 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट, धूप रहेगी तीखी

शनिवार सुबह यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर और बलिया सहित कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिलेगी और तीखी होती जाएगी। लखनऊ और नोएडा जैसे शहरों में भी आसमान साफ रहने का अनुमान है, जहाँ अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

2-3 दिनों में बढ़ेगा पारा

आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों में उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोत्तरी हो सकती है। फिलहाल 22 और 23 फरवरी को भी मौसम शुष्क बना रहेगा। राहत की बात यह है कि अगले तीन दिनों तक मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश को 'ग्रीन जोन' में रखा है, यानी फिलहाल किसी बड़ी मौसमी आपदा या भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article