यूपी में आज का मौसम (17 June 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं तेज आंधी और बारिश हो रही है, तो कहीं चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। हालांकि प्री-मानसून एक्टिव है, जिसके चलते सिर्फ कुछ ही जिलों में बारिश दर्ज की जा रही है। वहीं बुदंलेखंड और दक्षिणी जिले तेज गर्मी की मार झेल रहे हैं। यहां कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान यूपी का सबसे गर्म जिला प्रयागराज दर्ज किया गया, जहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री तक पहुंच गया। प्रयागराज मंगलवार को पूरे देश का भी सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ। आने वाले दिनों में भी यूपी के मौसम में उलटफेर देखने को मिलेगा।
यूपी में कब तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को 27 जिलों में आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वहीं पश्चिमी हिस्सों में भी अधिकांश जिलों में तेज धूप निकली हुई है। मंगलवार को भी यूपी के 10 जिलों में बारिश दर्ज की गई। IMD के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्री-मानसून की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 20 से 35 जून के बीच मानसून की एंट्री यूपी में हो सकती है।
यूपी में अगले 10 दिन मौसम कैसा रहेगा
यूपी में अगले दो दिनों के दौरान धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यूपी के लोगों को एक बार फिर से लू की मार झेलनी पड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिस्से में 19 जून से हीटवेव चलने की संभावना है। इस दौरान चार दिनों तक गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही तापमान में भी इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में कई जिलों में 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पारा पहुंच सकता है। इस दौरान रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। इस दौरान बीच-बीच में छिटपुट बारिश हो सकती है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम हैं। 28 जून से फिर बारिश की संभावना जताई जा रही है।
