शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (1 Mar 2026) UP Weather Today: तेज हवाओं के बीच चढ़ने लगा पारा, जानिए आपके शहर में कब से शुरू होगी 'भीषण गर्मी'

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 1 Mar 2026: आज से मार्च की शुरुआत हो गई है और इसके साथ उत्तर प्रदेश में तापमान में बड़ा उछाल आया है। बीते दिन शनिवार को वाराणसी और झांसी सबसे गर्म रहे। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा 36 डिग्री तक पहुंचने और लू चलने की चेतावनी दी है। आइए जानते हैं यूपी के मौसम का हाल।

Image

यूपी में इसबार ज्यादा चलेगी लू

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (1 Mar 2026): उत्तर प्रदेश में होली के पहले ही मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आ गया है। मार्च की शुरुआत होते ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और रजाई-कंबल अब अलमारियों में सिमटने लगे हैं। सुबह और रात की हल्की गुलाबी ठंड अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है, लेकिन दोपहर की तीखी धूप अब बदन जलाने लगी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस बार उत्तर प्रदेश के लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी झेलनी पड़ सकती है।

वाराणसी और झांसी में 'तपिश' की शुरुआत

यूपी में गर्मी ने अपना सबसे ज्यादा असर पूर्वांचल और बुंदेलखंड में दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को वाराणसी 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि झांसी में पारा 34.6 डिग्री तक पहुंच गया। प्रयागराज और बांदा में भी तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यह साफ है कि प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्से अब तेजी से गर्म हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

तेज हवाओं का पहरा, फिर चढ़ेगा पारा

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मार्च के शुरुआती 3-4 दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। इन हवाओं के कारण फिलहाल तापमान में कोई अचानक बड़ा उछाल तो नहीं आएगा, लेकिन जैसे ही हवा की गति धीमी होगी, गर्मी अपना असली रंग दिखाएगी। सप्ताहांत तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने का अनुमान है, जिससे पारा 36 डिग्री तक पहुंच सकता है।

इस बार क्यों सताएगी ज्यादा गर्मी?

मौसम विभाग का कहना है कि इस साल सर्दी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) कम सक्रिय रहे और बारिश भी सामान्य से कम हुई। इसके अलावा, 'ला-निना' की स्थितियों में बदलाव और 'नीनो' परिस्थितियों के प्रभाव के कारण मार्च, अप्रैल और मई के दौरान औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसका सीधा मतलब है कि इस साल तराई के इलाकों और पूर्वांचल में लू (Heatwave) के दिनों की संख्या बढ़ सकती है।

4 मार्च से नया विक्षोभ और बढ़ती धूप

मौसम विभाग के अनुसार, 4 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके बाद तापमान में और उछाल देखा जाएगा। फिलहाल 5 मार्च तक पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे पश्चिमी जिलों में भी अब दोपहर की धूप चुभने लगी है और आने वाले 48 घंटों में यहां तापमान 1-2 डिग्री और बढ़ सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article