UPPCL News: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। UPPCL ने ओटीएस की छूट के साथ उपभोक्ताओं को छुट्टियों के दिनों में भी बिजली बिल जमा करने की सुविधा दे दी है। इसके अलावा अधिकारियों को लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी है, इसी कड़ी में लापरवाही पर परीक्षण खंड फर्रुखाबाद के अधिशासी अभियंता को निलंबित कर दिया गया था। इनके अलावा दो अधीक्षण अभियन्ता और 8 अधिशासी अभियन्ताओं को धीमी प्रगति के कारण चेतावनी दी गई। बता दें कि, यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने हाल ही में समीक्षा बैठक की थी। बैठक में वे काफी अटैकिंग मोड में नजर आ रहे थे और उन्होंने नवंबर के अंत तक कार्यों की प्रगति का मूल्याकंन करने और संतोषजनक काम न मिलने पर कार्रवाई की बात कही।
बैठक में हुई ये चर्चा
बैठक के दौरान पावर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उनकी उपस्थिति में ये भी कहा गया कि, हर बकायेदार ओटीएस के माध्यम से विद्युत राजस्व जमा करे इसके पूरे प्रयास होने चाहिए। उन्होंने सुझाव देते हुए ये भी कहा कि, ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस संदर्भ में जागरूक करने के लिए कैम्प लगाएं, लाउडस्पीकर सहित विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार करें। आईडीएफ को पूरी तरह खत्म करने की बात कहते हुए वे बोले कि, इसमें लापरवाही बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगी। बता दें कि, इस महीने की छुट्टियों में ओटीएस और राजस्व वसूली से सम्बन्धित सभी कार्य होंगे, सभी सम्बन्धित कार्यालय खुलेंगे और सामान्य कार्य दिवसों के अनुरूप विद्युत बिल जमा करने तथा ओटीएस से सम्बन्धित कार्य होंगे।
इन्हें मिली चेतावनी
पावर कॉरपोरेशन की बैठक में आठ अधिशासी अभियन्ताओं को उनकी लापरवाही पर चेतावनी दी गई है। इसमें सैफई तृतीय, ईडीडी राठ, हमीरपुर, कन्नौज, कायमगंज, इटावा, फर्रुखाबाद तथा तृतीय महोबा हैं। प्रबन्ध निदेशक दक्षिणांचल को निर्देशित करते हुए आदेश जारी किए गए हैं कि, अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय आख्या लिखते समय उनके कार्यों का आधार बनाया जाए।
