शहर

शराब पिलाई, गला घोंटा फिर जंगल में जलाया शव; 8 साल पुराने मर्डर केस में दो हत्यारों को मिली फांसी की सजा

UP Crime: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 2018 के चर्चित राजेंद्र सैनी हत्याकांड में शनिवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अवैध संबंधों के शक में राजेंद्र की गला घोंटकर हत्या की गई थी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया गया था।

Image

मुजफ्फरनगर कोर्ट का बड़ा फैसला

Photo : Times Now Digital

UP Crime: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आठ साल पुराने चर्चित राजेंद्र सैनी हत्याकांड (Rajendra Saini Murder Case) में शनिवार को एक बेहद कड़ा और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर की अदालत ने मामले के दो मुख्य दोषियों, गजेंद्र उर्फ गीलू और राम किरण उर्फ सावन, को फांसी की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों दोषियों पर एक-एक लाख रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया गया है। फैसला सुनाते हुए न्यायाधीश ने समाज में बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताई और सख्त लहजे में टिप्पणी करते हुए कहा कि "अपराध करने वाले व्यक्ति के मन में कानून का डर होना बहुत जरूरी है।"

हत्या करने के बाद शव का जलाने की कोशिश

यह पूरा मामला साल 2018 का है। मीरापुर थाना क्षेत्र (Muzaffarnagar Crime) के खेड़ी गांव के जंगलों में पुलिस को एक युवक की अधजली लाश मिली थी, जिसकी शिनाख्त 26 वर्षीय राजेंद्र सैनी के रूप में हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरी वारदात अवैध संबंधों के शक के चलते अंजाम दी गई थी। मुख्य आरोपी वीरसैन को शक था कि राजेंद्र के उसकी पत्नी के साथ गलत संबंध हैं। इसी रंजिश में 4 जून 2018 को आरोपी राजेंद्र को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए। पहले उसे जबरन शराब पिलाई गई और फिर गला घोंटकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। गुनाह को छिपाने के लिए उन्होंने शव को जंगल में ले जाकर आग लगा दी थी।

8 साल बाद अदालत ने सुनाया फैसला

सरकारी अधिवक्ता कुलदीप कुमार के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में वीरसैन, गजेंद्र और राम किरण के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी वीरसैन की मौत हो गई, जबकि बाकी दोनों के खिलाफ अदालत में मुकदमा चलता रहा। आठ साल तक चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार शनिवार को अदालत ने दोनों बचे हुए आरोपियों को फांसी की सजा सुना दी। इस फैसले को पीड़ित परिवार के लिए एक बहुत बड़ी न्यायिक राहत माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article