शहर

UP Budget 2026: AI Mission के लिए 225 करोड़ का प्रावधान, राज्य को IT हब बनाने का संकल्प

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज वित्त मंत्री सुरश कुमार खन्ना ने बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में AI Mission की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य की पहचान IT हब के रूप में होगी।

Image

उत्तर प्रदेश का 2026-27 का बजट पेश (फोटो - DD TV Grab)

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज यानी बुधवार 11 फरवरी को लखनऊ में साल 2026-27 का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के कार्यों की जानकारी देने के साथ ही भविष्य की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अपनी बात रखी। वित्त मंत्री ने कहा कि AI क्षेत्र में विकास के लिए यूपी एआई मिशन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने 225 करोड़ का प्रावधान भी किया।

अपने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश आईटी हम के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि आज के युग में इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में किया जाना आवश्यक हो गया है। इस हेतु उत्तर प्रदेश में नई और उभरती टेक्नोलॉजी मिशन की स्थापना की जाएगी।

ITI में AI Lab बनाई जा रहीं

वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में बताया कि इंडिया एआई मिशन के सहयोग से प्रदेश की 49 ITI में एआई लैब, राज्य के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और इंडिया एआई डाटा स्लैब की स्थापना के लिए 32 करोड़, 82 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा संचालन केंद्र की नई स्थापना के लिए 95 करोड़, 16 लाख रुपये की एक नई योजना प्रस्तावित है।

AI Praja कार्यक्रम की शुरुआत

उन्होंने कहा कि राज्य में AI Praja कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, इंटेल, आईबीएम जैसी वैश्विक कंपनियां ट्रेनिंग देने करने में मदद कर रही हैं। इस पहल के तहत किसानों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों, डॉक्टरों और राजकीय अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।

8 डाटा सेंटर की स्थापना

राज्य में 30 हजार करोड़ की लागत से आठ डाटा सेंटर पार्क की स्थापना की योजना है, जिनसे 900 मेगावाट क्षमता का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में आठ परियोजनाओं को 'लेटर ऑफ कंफर्ट' जारी किए गए हैं, जिनमें छह डाटा सेंटर पार्क और दो डाटा सेंटर इकाइयां शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 21,342 करोड़ रुपये का निवेश और 644 मेगावाट की क्षमता हासिल की गई है।

स्टेट डाटा अथॉरिटी बनाई जाएगी

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य में स्टेट डाटा अथॉरिटी तथा डाटा सेंटर क्लस्टर्स की स्थापना की जाएगी। राज्य में एआई मिशन की स्थापना के साथ ही टेक युवा-समर्थ युवा योजना लाई जा रही है। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि सामाजिक क्षेत्र में सभी वर्गों के लिए योजनाओं के साथ-साथ त्वरित व भविष्योन्मुखी विकास हेतु आधुनिक तकनीक तथा एआई के सदुपयोग व प्रदेश में उसके विकास के लिए इको सिस्टम बनाने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है।

महिला उद्यमियों के लिए योजना

उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति में नारी शक्ति के महत्वपूर्ण योगदान की बात कही। साथ-साथ युवाओं की ऊर्जा व उनकी मेधा की भी सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री मातृ सुरक्षा संकल्प योजना को और सघनता से चलाए जाने की घोषणा की। स्वयं सहायता समूहों तथा महिला उद्यमियों द्वारा उत्पादित माल की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना पर कार्य किया जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article