Amethi Accident: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यह सड़क दुर्घटना मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के अंडर ब्रिज के पास हुई, जिसमें करीब 6 वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में 2 लोगों की मौत की जानकारी मिली है, जबकि 16 अन्य लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पतला में इलाज के लिए भर्ती कराया और मृतकों के शव को पोसटमार्टम के लिए भेज दिया है।
किस वजह से हुआ हादसा?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है। कोहर कारण दृश्यता प्रभावित थी, जिसके कारण छह वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। थाना मुसाफिरखाना के प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि अमेठी-सुल्तानपुर मोड़ के पास सोमवार/मंगलवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे एक ट्रक घने कोहरे के कारण रेलिंग पर चढ़ गया।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि ट्रक के रेलिंग पर चढ़ने के बाद पीछे से आ रहे तीन ट्रक, एक कार और एक बस एक के बाद एक दूसरे से टकरा गए और ये भीषण सड़क हादसा हो गया। एसएचओ ने बताया कि इस हादसे में दो ट्रक ड्राइवर की मौत हुई है, जिनकी पहचान पीलीभीत जिले के गजरौला कला के मनजीत (24) और जायस निवासी के शमशाद (25) के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में 16 अन्य लोग घायल हुए हैं।
घायलों का इलाज जारी
अधिकारी ने बताया कि कुछ घायलों को सुल्तानपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी लोगों को इलाज के लिए मुसाफिरखाना कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल लोग लखनऊ, हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, जौनपुर, बाराबंकी, मिर्जापुर, गाजीपुर समेत कई जगहों के रहने वाले थे, जबकि एक झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। पुलिस सभी घायलों की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।
(इनपुट - भाषा)
