शहर

गाजियाबाद में UP-14 HC सीरीज लॉन्च, मनपसंद VIP नंबर पाने का सुनहरा मौका; जानें पूरी प्रक्रिया

Ghaziabad UP 14 HC Series: अगर आप गाजियाबाद में रहते हैं और आपको भी अपनी गाड़ी पर कोई खास नंबर चाहिए तो आपके लिए खुशखबरी है। गाजियाबाद में नई वाहन सीरीज UP-14 HC लॉन्च हो गई है। परिवहन विभाग ने फैंसी नंबरों के लिए एक हफ्ते की ऑनलाइन नीलामी शुरू की है। आइए जानते हैं इसके लिए कैसे आवेदन किया जा सकता है।

Image

गाजियाबाद में लॉन्च हुई UP 14 HC सीरीज

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad UP-14 HC Series Launch: गाड़ियों के VIP नंबर की होड़ किसी से छुपी नहीं है। कई ऐसे वाकये हैं जिसमें शौकीनों ने गाड़ी की कीमत के आसपास और कई बार अधिक खर्च करके मनपसंद नंबर लिए हैं। अगर आप गाजियाबाद में रहते हैं और अपनी नई कार या बाइक के लिए '0001' या '786' जैसे किसी खास नंबर का सपना देख रहे हैं, तो आपका इंतजार खत्म हो गया है। शहर की सड़कों पर अब 'UP-14 HC' सीरीज की गाड़ियां दौड़ती नजर आएंगी। परिवहन विभाग ने इस नई सीरीज को लॉन्च कर दिया है, साथ ही फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की खिड़की भी खोल दी है।

एक हफ्ते तक चलेगी 'ऑनलाइन बोली'

शहर के गाड़ियों के शौकीनों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। परिवहन विभाग ने गाजियाबाद के लिए वाहनों की नई सीरीज 'UP-14 HC' को हरी झंडी दे दी है। इस नई सीरीज के आते ही उन लोगों के बीच होड़ मच गई है जो अपनी पसंदीदा नंबर प्लेट के लिए लाखों रुपये खर्च करने को तैयार रहते हैं। परिवहन विभाग ने नई सीरीज के साथ ही आकर्षक और फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन नीलामी (E-Auction) प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह नीलामी अगले एक सप्ताह तक चलेगी। यदि आप भी अपनी गाड़ी के लिए कोई खास नंबर चाहते हैं, तो परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

कैसे मिलेगा आपका मनपसंद नंबर?

एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। सबसे पहले रजिस्ट्रेशन जरूरी है। वाहन स्वामी को पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके बाद यदि एक ही नंबर के लिए एक से ज्यादा दावेदार सामने आते हैं, तो उस नंबर की ऑनलाइन नीलामी की जाएगी। अंत में जो व्यक्ति सबसे ऊंची बोली लगाएगा, वह नंबर उसी के नाम कर दिया जाएगा।

लाखों में लगती है वीआईपी नंबरों की कीमत

गाजियाबाद में फैंसी नंबरों का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। पिछली कई सीरीज में देखा गया है कि '0001', '0007', '0009' और '9999' जैसे नंबरों के लिए बोलियां लाखों रुपये तक पहुंच जाती हैं। नई सीरीज 'HC' के लॉन्च होने से लोगों को उम्मीद है कि उन्हें अपनी पसंद का 'लकी नंबर' आसानी से मिल सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!