शहर

जालना में समृद्धि महामार्ग पर ट्रक ने मारी पिकअप को टक्कर, भीषण हादसे में 8 महिलाओं की मौत

महाराष्ट्र के जालना जिले में समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में 8 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुट गया।

Image

समृद्धि महामार्ग पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jalna Road Accident: महाराष्ट्र के जालना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं इसी मार्ग पर मजदूरी का काम करने जाती थीं और यह घटना से उस वक्त हुई जब महिलाएं सफाई का काम पूरा करने के बाद घर लौट रही थींं।

पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ पिकअप

पलिस ने बताया कि, यह दुर्घटना जालना जिले के कडवंची गांव के नजदीक समृद्धि महामार्ग पर हुई। मजदूरों को ले जा रहे एक छोटे हाथी पिकअप वाहन को तेज गति से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों का इलाज जारी

बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत जालना के जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के द्वारा मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मानी जा रही है। हादसे में सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल

मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीणा अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है। ये सभी जालना तहसील की निवासी हैं। फिलहाल आठवें मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, वहीं लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। इस दौरान जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया। बता दें कि, इससे पहले भी समृद्धि महामार्ग पर कई सड़क हादसे हुए हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article