Hamirpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे-34 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें पति-पत्नी समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक कार में सवार होकर बागेश्वर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद यातायात भी प्रभावित रहा।
दो दंपति समेत पांच लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका और मवइया गांव के बीच हुआ है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-34 पर हुई, जिसमें एक ही परिवार के दो दंपति सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी अफरातफरी का माहौल बन गया।
मामले की जांच जारी
बताया जा रहा है कि सभी मृतक बागेश्वर धाम से दर्शन कर कानपुर वापस लौट रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि हादसा संभवतः चालक को नींद आने या फिर तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के प्रयास के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
कानपुर के रहने वाले थे दंपति
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी पांच मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो दंपति शामिल हैं, जो कानपुर जिले के रहने वाले थे, जबकि वाहन चालक लखनऊ जिले का निवासी था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
