शहर

हिमाचल के लाहौल स्पीति में बड़ा हादसा, वाहन पर गिरीं चट्टानें, 13 लोगों की मौत की आशंका

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में पांगी-उदयपुर मार्ग पर भीषण हादसा हुआ, जहां कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो पर पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से 13 लोगों की मौत की आशंका जताई है।

Image

हिमाचल के पांगी में कार पर पत्थर गिरा

पांगी/लाहौल-स्पीति : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर स्थित कडू नाला के पास एक चलती टाटा सूमो पर पहाड़ से अचानक भारी मलबा और चट्टानें आ गिरीं। इस बड़े हादसे में करीब 13 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। अभी कई घायल बताये जा रहे हैं।

घटना की पुष्टि करते हुए डिप्टी कमिश्नर किरण बडाना ने बताया कि गाड़ी में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 लोगों की मौत की खबर है। घटना की जानकारी मिलने पर हिमाचल प्रदेश पुलिस (टिंडी पुलिस) की टीमें, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुँचे। बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान शुरू किया गया।

खबरों के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ रोड एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद हो गई थी, जिससे यात्रियों को टिंडी में रुकना पड़ा था। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद गाड़ी ने पांगी की ओर अपनी यात्रा फिर से शुरू की। लेकिन, काडू नाला के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और टैक्सी मलबे में दब गई। अब तक, बचाव दल मलबे से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालने में कामयाब रहे हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबे को हटाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही पक्की तौर पर बताई जा सकेगी।

बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है। लाहौल-स्पीति की डीएसपी रश्मि शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और बचाव दल की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। मलबे से अब तक एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जिसे उपचार के लिए भेजा जा रहा है। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।

विधायक ने दिए निर्देश

भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने चंबा और लाहौल-स्पीति के जिलाधिकारियों से संपर्क कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने बताया कि यह सूचना मिल रही है कि वाहन में सवार सभी लोग पांगी घाटी के ही निवासी थे। फिलहाल, आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की पुष्टि होना अभी शेष है। प्रशासन की ओर से मौके पर बचाव दल को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article