शहर

Bhopal News: रक्षक बने भक्षक, बेटी के जन्मदिन के बहाने बुलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, दो कॉन्स्टेबल गिरफ्तार

भोपाल में 17 साल की नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पॉक्सो, बीएनएस और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

भोपाल में 17 साल की नाबालिक के साथ पुलिसकर्मी ने किया दुष्कर्म

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 17 साल की नाबालिग के साथ बलात्कार का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी, पीड़ित का पड़ोसी होने के साथ ही एक पुलिसकर्मी भी है। उसने न तो अपने पड़ोसी होने का धर्म निभाया और न ही रक्षक होने का। बल्कि रक्षक ही भक्षक बन गया और छात्रा को अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मुख्य आरोपी विशेष सशस्त्र बल (SAF) का कॉन्स्टेबल है। आरोपी ने अपनी बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर पड़ोस में रहने वाली पीड़ित छात्रा को अपने घर बुलाया। इसके बाद उसने पीड़ित को कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिस समय आरोपी कॉन्स्टेबल इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रहा था, उस समय उसका साथी पुलिसकर्मी अपने 3-4 के बेटे के साथ बाहर पहरा देता रहा।

POCSO के तहत मामला दर्ज

यह घटना 22 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पहले कमला नगर थाने में जीरो FIR दर्ज की गई और फिर जहांगीराबाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों आरोपी जवानों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ POCSO, BNS और एट्रोसिटी एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दूसरे आरोपी के साथ उसका छोटा बेटा भी था

जहांगीराबाद पुलिस की जांच में सामने आया कि धार में तैनात कॉन्स्टेबल संतोष सेन ने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के मोबाइल से फोन लगाकर पीड़ित छात्रा को अपनी बेटी के जन्मदिन की पार्टी का निमंत्रण दिया। शाम लगभग 6.30 बजे जब नाबालिग छात्रा लाल परेड मैदान के पास पहुंची तो वहां कार में संतोष सेन के साथ ग्वालियर में तैनात कॉन्स्टेबल जितेंद्र राजपूत भी था। यही नहीं कार में जितेंद्र का बेटा भी था।

एमपी नगर के मकान में किया दुष्कर्म

मुख्य आरोपी संतोष ने पहले अपनी बेटी के जन्मदिन की बात कहकर पीड़ित किशोरी का भरोसा जीता। इसके बाद आरोपी पीड़ित छात्रा को एमपी नगर के एक मकान में ले गया। इसी मकान में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान जितेंद्र राजबूत अपने बेटे के साथ बाहर पहरा देता रहा।

घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने परिवार को आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच होगी। घटनास्थल से सुबूत जुटाए जा रहे हैं। पीड़ित नाबालिग के बयान के साथ ही अन्य सुबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article