Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले में रविवार शाम से लापता दो नाबालिग भाइयों के शव सोमवार को खेत में पड़े पानी से भरे गड्ढे से बरामद किए गए। यह दुखद घटना रसूलपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, मनीष (15) और संदीप (12) खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात तक घर लौटकर नहीं आए। बताया जा रहा है कि, परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के घरों में बच्चों को खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने शेखपुर वन क्षेत्र के पास पानी से भरे गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल देखे और खोजबीन शुरू की, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव गड्ढे से निकाले गए।
प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि दोनों भाई संभवतः खेलते समय फिसलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा गांव पहुंचे, शोकाकुल परिवार से मिले और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को इस घटना की गहन जांच करने तथा भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
परिजनों में पसरा मातम
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा यह भी जा रहा है कि, दिल्ली-मुंबई हाईवे के निर्माण के दौरान खेतों से मिट्टी हटाई गई थी, जिससे वहां गहरे गड्ढे बन गए थे। बारिश का पानी भर जाने से ये गड्ढे तालाब जैसी स्थिति में बदल गए। बताया गया कि, घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। बच्चों के शव मिलने के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मौके पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, एसडीएम अर्चना चौधरी, डीएसपी कैलाश जिंदल और तहसीलदार हरदयाल सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
(इनपुट - भाषा)
