शहर

Sultanpur Accident: सुल्तानपुर में मालगाड़ी से टकराया ट्रैक्टर, एक घंटे तक बाधित रहा रेलवे ट्रैक

सुल्तानपुर में लखनऊ–वाराणसी रेलवे ट्रैक पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की मालगाड़ी से टक्कर हो गई। हालांकि लोको पायलट ने दूर से ही ट्रैक्टर को देखकर ट्रेन की स्पीड धीमी कर दी थी। उसकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन इस हादसे के कारण करीब एक घंटे तक मालगाड़ी रुकी रही।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Sultanpur Accident News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लखनऊ-वाराणसी रेलवे ट्रैक पर ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की मालगाड़ी से टक्कर हो गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के कारण ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रेन का इंजन भी डैमेज हो गया। इस हादसे के कारण करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक रेल यातायात बाधित रहा।

लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह घटना चंदा थाना क्षेत्र के तहत शेरपुर परशुरामपुर गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली कोइरीपुर से ईंटें लेकर शेरपुर परशुरामपुर की ओर जा रही थी। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर पहुंची, तभी लखनऊ–वाराणसी रूट पर आ रही एक मालगाड़ी से उसकी भिड़ंत हो गई। रेलवे पुलिस के अनुसार, जिस जगह पर यह हादसा हुआ वहां कोई लेवल क्रॉसिंग नहीं थी। हालांकि मालगाड़ी के लोको पायलट ने दूर से ही ट्रैक्टर को ट्रैक पर देख लिया था। उसने तुरंत ट्रेन की स्पीड धीमी कर ली। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

एक घंटे तक रुकी रही मालगाड़ी

इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। वहीं मालगाड़ी के इंजन का अगला बायां हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। हादसे के बाद मालगाड़ी करीब एक घंटे से भी ज्यादा समय तक ट्रैक पर ही रुकी रही। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद ट्रैक को साफ कराने का काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे मार्ग को बहाल किया गया। जिसके बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।

चंदा थाने के उपनिरीक्षक अवधेश सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटों का लेकर कोइरीपुर से शेरपुर परशुरामपुर की ओर जा रही थी। लेकिन चालक और मालिक के संबंध में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि ट्रैक्टर ट्रैक पर कैसे पहुंचा और इसमें किसकी लापरवाही रही।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article