शहर

कारगिल विजय दिवस पर दिल्ली में तिरंगा बाइक रैली, मंत्री रविंदर सिंह ने मेगा रक्तदान अभियान के लिए किया जागरूक

राजधानी दिल्ली में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज ने नागरिकों से 2 अगस्त को आयोजित मेगा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Image

लक्ष्मी तरु फाउंडेशन ने निकाली तिरंगा बाइक रैली।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लक्ष्मी तरु फाउंडेशन ने रविवार को रोहिणी स्थित जापानी पार्क से तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देना और 2 अगस्त को आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, बाइक राइडर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, आयरन लेडी दिव्या संधू और प्रीत सिंह सिरोही समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।

कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज ने की ये अपील

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज ने कहा कि कारगिल के वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सेवा, राष्ट्रहित और स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़कर ही दी जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से 2 अगस्त को आयोजित मेगा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

दो अगस्त को मेगा रक्तदान अभियान

सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शौर्य और पराक्रम का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान को राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं, लक्ष्मी तरु फाउंडेशन ने बताया कि 2 अगस्त को आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का लक्ष्य रखा गया है। संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article