Mandi Taxi Fire: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कटिंडी के पास एक चलती टैक्सी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैल गई। टैक्सी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के छह ट्रेनी सवार थे। गनीमत की बात है कि गाड़ी में सवार सभी लोग समय रहते बाहर आ गए। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ड्राइवर ने खतरे को भांप कर रोकी टैक्सी
जानकारी के अनुसार, आईआईटी मंडी के छह ट्रेनी टैक्सी से सफर कर रहे थे। इसी दौरान कटिंडी के पास अचानक गाड़ी के इंजन से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में स्थिति को समझने का मौका भी नहीं मिला। लेकिन कुछ ही देर में धुआं आग में बदल गया। आग को तेजी से फैलता देख चालक ने खतरे को भांप लिया। उसने तुरंत टैक्सी को रोका और उसमें बैठे सभी छह ट्रेनी को बाहर निकलने के लिए कहा। इसके बाद चालक समेत सभी लोग समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गए।
दमकल की टीम ने बुझाई आग
गाड़ी में सवार सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद टैक्सी में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैक्सी में लगी आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों के कारण सभी सवारों की जान बच गई।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद टैक्सी में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
