तमिलनाडु में आज का मौसम (08 Jan 2026): बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) चेन्नई के अनुसार यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में इसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है, जिससे तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश और समुद्री हालात बिगड़ सकते हैं।
कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
इस मौसम प्रणाली के असर से गुरुवार और शुक्रवार को रामनाथपुरम, पुडुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवारूर, नागपट्टिनम, कड्डालोर और कराईकल जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 9 और 10 जनवरी को नागपट्टिनम, कड्डालोर, मयिलादुथुरई, तिरुवारूर और पुडुचेरी के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
तटीय इलाकों में तेज हवाएं
मौसम विभाग ने तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में तेज हवाओं और उग्र समुद्री हालात को लेकर चेतावनी दी है। 8 से 10 जनवरी के बीच हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो झोंकों के साथ 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान समुद्र की स्थिति उग्र से बहुत उग्र रह सकती है। RMC ने तमिलनाडु तट के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। जो मछुआरे पहले से गहरे समुद्र में हैं, उन्हें अगले दो दिनों तक दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तटीय जलक्षेत्र से दूर रहने को कहा गया है।
जनवरी में चक्रवाती गतिविधि असामान्य नहीं
RMC चेन्नई की प्रमुख बी. अमुधा ने बताया कि जनवरी महीने में चक्रवाती गतिविधि होना कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि 1891 से 2024 के बीच जनवरी में कुल 20 चक्रवाती प्रणालियां बन चुकी हैं, जिनमें डिप्रेशन से लेकर भीषण चक्रवाती तूफान तक शामिल रहे हैं।
(इनपुट-आईएएनएस)
