Surat Cyber Crime: सूरत में साइबर फ्रॉड के लिए बैंक किट किराए पर लेने वाले गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। जिसमें बेरोजगार रत्नकलाकार प्रवीण धंधाल को गिरफ्तार किया गया है। साइबर सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अमरोली कोसाड के स्टार पैलेस रेजिडेंट फ्लैट I-504 में छापा मारा। इस दौरान घर से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, ATM कार्ड, मोबाइल, सिम कार्ड, स्वाइपिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए गए। जांच के दौरान कमरे से 155 बैंक अकाउंट की किट भी मिली। पुलिस ने इस फ्लैट से आरोपी प्रवीण धंधाल को गिरफ्तार किया।
बैंक किट किराए पर देकर कमाते थे पैसे
जांच में पता चला कि इन 155 बैंक अकाउंट में 45,92,39,159 रुपये का लेनदेन हुआ है। इन खातों पर NCCRP पोर्टल पर देशभर में कुल 432 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी प्रवीण का संपर्क विपुल उर्फ अंकित से था, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है, लेकिन वर्तमान में दुबई में रह रहा है। प्रवीण बैंक अकाउंट किट को किराए पर देकर पैसे कमाता था। एक किट किराए पर देने के लिए उसे 1.75 लाख रुपये मिलते थे। आरोपी इस रकम में से 60,000 रुपये कमीशन रखकर 1,10,000 रुपये बैंक अकाउंट होल्डर को देता था। जब्त की गई किट में IDBI, IDFC, और स्मॉल फिनकेयर बैंक के अकाउंट सबसे ज्यादा हैं।
टेलीग्राम के जरिए दुबई के एजेंट से जुड़ा आरोपी
आरोपी प्रवीण पहले एक डायमंड फैक्ट्री में रत्नकलाकार था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह 2 महीने तक बेरोजगार रहा। जिसके बाद वह टेलीग्राम के माध्यम से दुबई के एजेंट के संपर्क में आया। उसने सट्टा खेलने के लिए टेलीग्राम पर सर्च किया था, इस दौरान उसका संपर्क बैंक किट किराए पर लेने वाले शख्स से हुआ। उसने शुरुआत में एक-दो बैंक किट के लेन-देन किए, जिसमें उसे अच्छी आय हुई। जिसके बाद वह इस काम में जुड़ गया। वह पिछले 2 सालों से यह काम कर रहा था। पुलिस ने मौके से 3 मोबाइल, विभिन्न बैंकों के 12 डेबिट कार्ड, 19 पासबुक, 132 चेक बुक, 11 सिम कार्ड, 54 सिम कार्ड के कवर, 7 रबर स्टैम्प, 2 मोबाइल बॉक्स, 1 स्वाइप मशीन, 1 डायरी, और 35 QR कोड जब्त किए हैं।
इन राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर कुल 432 शिकायतें दर्ज हैं। जिनमें महाराष्ट्र में 46 , गुजरात में 63 , राजस्थान में 17, पश्चिम बंगाल में 20, उत्तर प्रदेश में 40, हरियाणा में 13, दिल्ली में 24, कर्नाटक में 36 , तेलंगाना में 41, केरल में 14, तमिलनाडु में 23, पंजाब में 30, बिहार में 18, छत्तीसगढ़ में 15, मध्य प्रदेश में 8, ओडिशा में 5, झारखंड में 4,आंध्र प्रदेश में 31 और उत्तराखंड में 4 शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मेघालय, गोवा, असम, मणिपुर और दादरा नगर हवेली में 1-1 केस दर्ज हैं।
