शहर

प्रचंड ठंड की चपेट में कश्मीर, श्रीनगर की मशहूर डल झील का पानी जमा

समूचे उत्तर भारत में इन दिनों प्रचंड ठंड का दौरा जारी है। पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इधर कश्मीर में तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर की मशहूर डल झील सहित कई अन्य जलाशयों में पानी जम गया है।

Frozen Dal lake

ठंड से श्रीनगर में डल झील का हिस्सा जम गया

श्रीनगर/भाषा : उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कश्मीर घाटी में भी ठंड का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। घाटी में न्यूनतम तापमान के शून्य से नीचे गिरने के कारण आज यानी बुधवार 14 जनवरी को श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील के कुछ हिस्से और घाटी में कई जलाशयों का पानी जम गया।

कश्मीर घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि होती है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और यह 30 जनवरी तक चलेगा।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में कल यानी मंगलवार 13 जनवरी की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के दर्ज किए गए तापमान (शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे) से भी कम रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर में शोपियां घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया।

इस भीषण ठंड के कारण डल झील के भीतरी हिस्सों सहित कई जलाशयों के कुछ हिस्से जम गए। वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक, दक्षिण कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया।

उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि मध्य कश्मीर के सोनमर्ग में यह शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इसके साथ ही कोकेरनाग में यह शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर की ओर बढ़ रहा है जो 16 जनवरी से घाटी के मौसम को प्रभावित कर सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article