शहर

Agra News: हत्या के बाद दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट, खाते से निकाले हजारों डॉलर और फिर...आगरा में खुला अमेरिका के मर्डर केस का राज

Agra News: अमेरिका में हुई एक हत्या के मामले में वांछित सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने मैरीलैंड में अपनी रूममेट निकिता गोड़ीशाला की हत्या करने के बाद भारत आकर ठिकाना बना लिया था। अमेरिकी पुलिस की तलाश और इंटरपोल की कार्रवाई के बीच हैदराबाद पुलिस ने आगरा में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया।

Image

आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Agra News: अमेरिका के मैरीलैंड में अपनी रूममेट की हत्या के आरोप में वांछित एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने हैदराबाद निवासी अपनी रूममेट और दोस्त निकिता गोड़ीशाला की चाकू से हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह अमेरिका से भारत भाग आया और आगरा में छिपकर रह रहा था।

हत्या के दिन ही आरोपी पहुंचा भारत

जानकारी के मुताबिक हत्या के दिन ही अर्जुन भारत पहुंच गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वारदात को छिपाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए उसने अमेरिका में निकिता के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर अमेरिकी पुलिस को उस पर शक हुआ और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया।

इंटरपोल की मदद भी ली गई

बताया जा रहा है कि इसके बाद उसकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई और इंटरपोल की सहायता ली गई। आरोपी के भारत में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस की एक टीम पिछले कई दिनों से आगरा में उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस को उसके ठिकाने का पता चला और थाना एकता क्षेत्र स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया।

निकिता के बैंक अकाउंट से 3,500 अमेरिकी डॉलर निकाले

जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि निकिता की हत्या के बाद अर्जुन ने उसके बैंक खाते से करीब 3,500 अमेरिकी डॉलर निकाले थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और अमेरिका की संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। आगे की कार्रवाई भारतीय और अमेरिकी जांच एजेंसियों के बीच समन्वय के आधार पर होगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article