Sitapur News: सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर एक कार ट्रक से टकराकर खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है मरने वाले चारों लोग एक ही परिवार के थे।
कार पर गिरे कंक्रीट के पाइप
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) चक्रेश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोग फैजाबाद के रहने वाले थे। ये लोग अपनी कार से उत्तराखंड से वापस आ रहे थे। इसी दौरान इनकी कार यहां कंक्रीट स्पन पाइप से लदे ट्रक से टकरा गई। एसपी ने कहा कि कार गलत दिशा में थी और टक्कर के बाद कंक्रीट के पाइप कार पर गिर गए और कार पलट कर सड़क किनारे खाई में गिर गई।
ट्रक ड्राइवर फरार
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और मरने वालों की पहचान की जा रही हैं।
