शहर

प्रीत विहार कैफे गैंगरेप मामले में नया खुलासा, आरोपी अयान पुलिस रिमांड पर, दोनों लड़कियां 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने अयान, साक्षी और मानसी को गिरफ्तार किया है। साक्षी और मानसी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजी गई हैं, जबकि अयान से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है।

Image

दिल्ली पुलिस ने जोड़ी घटना की कड़ियां

Photo : ANI

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में 22 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में दिल्ली पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने इस मामले में अयान नामक युवक और दो महिलाओं साक्षी और मानसी को गिरफ्तार किया था। अदालत ने दोनों महिला आरोपियों साक्षी और मानसी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि आरोपी अयान को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

रात 2:30 बजे शुरू हुआ पूरा मामला

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, पीड़िता और गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं साक्षी और मानसी सोमवार रात काम कर रही थीं। काम खत्म करने के बाद तीनों महिलाएं रात करीब 2:30 बजे एक अन्य आरोपी मनीषा के घर पहुंचीं। इसके बाद वे घर से निकलकर एक मीटिंग पॉइंट पर पहुंचे, जहां उनके अन्य साथी भी मिले। फिर पीड़िता, साक्षी, मानसी और बाकी लोग प्रीत विहार स्थित एक कैफे में गए। उस समय कैफे बंद था, लेकिन मौजूद लोगों में से एक के पास चाबी थी। उन्होंने ताला खोलकर कैफे के अंदर पार्टी फिर से शुरू की, शराब पी और कुछ देर बाद बाहर निकले। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कैफे में मौजूद दो पुरुषों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य साथियों की भूमिका भी सामने आई है।

हुक्का सप्लायर और इवेंट ऑर्गेनाइजर से जुड़े लिंक

जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले से जुड़े पांच लोग उसी प्रतिष्ठान में काम करते हैं, जहां पीड़िता और दोनों महिलाएं कार्यरत थीं। वहीं, दो अन्य लोग क्लबों में फ्लेवर्ड हुक्का सप्लाई करने और इवेंट आयोजित करने के काम से जुड़े हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, पार्टी में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article