शहर

लखनऊ के SGPGI में मची सनसनी, रहस्यमयी हालात में मिला भर्ती कैंसर मरीज का खून से लथपथ गला कटा शव

लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई अस्पताल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां भर्ती 61 वर्षीय मरीज मुश्ताक अली का खून से लथपथ शव मिला। बताया जा रहा है कि मरीज लीवर कैंसर से पीड़ित था और लंबे समय से इलाजरत थे।

Image

लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती मरीज की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती एक मरीज का सोमवार तड़के खून से लथपथ शव बरामद किया गया, जिसका गला कटा हुआ था। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित कुमार आनन्‍द ने बताया कि मृतक की पहचान बस्ती जिले के निवासी मुश्‍ताक अली (61) के रूप में हुई जो लीवर कैंसर से पीड़ित थे।

डीसीपी ने बताया कि सोमवार को पीजीआई थाना क्षेत्र में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती बस्ती जिले के निवासी एक मरीज मुश्‍ताक अली (61) की गला कटने से मौत की सूचना मिली थी। उन्‍होंने कहा कि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची। आनन्द ने बताया कि पूछताछ में यह पता चला कि करीब चार-साढ़े चार बजे उसके बगल के बेड पर भर्ती मरीज के तीमारदार ने देखा कि मुश्‍ताक के गले से खून निकल रहा है, तत्काल सूचना स्टाफ एवं पुलिस को दी गई।

पिछले एक महीने से पीजीआई में भर्ती

डीसीपी ने बताया कि उनके बगल में एक ब्‍लेड पड़ा था और वह पिछले एक महीने से पीजीआई में भर्ती था। उन्‍होंने कहा कि वह लीवर कैंसर से ग्रसित थे और लगभग आठ-नौ माह से इलाजरत थे। उन्‍होंने यह भी बताया कि मुश्‍ताक आर्थिक तंगी में भी थे। डीसीपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

17 मई की रात को हालत थी स्थिर

बाद में एक बयान में एसजीपीजीआई ने कहा कि बस्ती के रहने वाले मरीज मुश्ताक अली (61) को 21 अप्रैल, 2026 को गैस्ट्रो सर्जरी वार्ड में डॉ. आशीष सिंह की देखरेख में गॉल ब्लैडर के एडवांस्ड एडेनो कार्सिनोमा के फॉलो-अप केस के तौर पर भर्ती किया गया था। 17 मई की रात को उनकी हालत स्थिर थी, वे आराम से थे और सभी स्टाफ से अच्छे से बात कर रहे थे।

गर्दन के दाईं ओर एक गहरा कट का निशान

बयान के अनुसार "18 मई की सुबह, पास के बेड पर मौजूद एक मरीज के रिश्तेदार ने जानकारी दी कि मरीज मुश्ताक अली की तबीयत खराब है, जिसके बाद वार्ड के नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत मरीज को देखा। वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे और उनकी गर्दन के दाईं ओर एक गहरे कट का निशान था। बयान के अनुसार वार्ड के नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत सीपीआर शुरू किया चिकित्सकों को इसकी जानकारी दी गयी और कोशिशों के बावजूद मरीज को बचाया नहीं जा सका।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article