हिमाचल प्रदेश में गहरी खाई में गिरी कोच बस, 14 लोगों की मौत, राष्ट्रपति-पीएम मोदी ने जताया शोक
- Reported by: मनोज कुमार Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 9, 2026, 09:34 PM IST
सिरमौर जिले के हरिपुरधार में शिमला से कुपवी जा रही निजी बस जीत कोच के गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे पर रेणुकाजी विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश: शिमला–कुपवी मार्ग पर बड़ा हादसा
Himachal Pradesh Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में एक निजी बस के भीषण हादसे का शिकार होने की खबर है। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है। यह बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी, तभी हरिपुरधार बाजार से कुछ दूरी पहले अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मामले की पुष्टि रेणुकाजी से विधायक विनय कुमार ने की है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचकर हरिपुरधार बस हादसे में घायल एवं उपचाराधीन यात्रियों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक दुर्घटना में 14 लोगों की दुःखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। प्रशासन तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा घायलों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करते हैं।
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला। बता दें कि, बस में कई लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। फिलहाल घायलों की सही संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन सभी घायलों को उपचार के लिए हरिपुरधार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत पीएम मोदी ने जताया शोक
राष्ट्रपति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस भयावह हादसे पर दुख जताते हुए लिखा कि, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हुई बस दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को लेकर ट्वीट किया कि, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस हादसे में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना है। PMNRF की तरफ से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
सीएम सुक्खू ने ट्वीट कर लिखा ये
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर लिखा कि, सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास हुए अत्यंत दुखद बस हादसे की सूचना से मन व्यथित और पीड़ा से भर गया है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्राण गंवाए, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी पूरी सहानुभूति है। जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता देने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को सहायता मिल सके। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्माओं को शांति मिले, परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। हम सभी इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।कांग्रेस अध्यक्ष ने विनय कुमारक्या कहा?
रेणुकाजी से कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हरिपुरधार में जीत कोच बस के भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अभी-अभी इस दर्दनाक दुर्घटना की सूचना मिली है, जो अत्यंत दुखद है और सभी को झकझोर देने वाली है। विनय कुमार ने हरिपुरधार जोन के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ खड़ा रहना हम सबका नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि इस दुखद घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।