शहर

Shahjahanpur News: बाइक सवार बदमाशों ने मां की गोद से छीनी नवजात बच्ची, गुस्साएं ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में एक महिला से उसकी 15 दिन की बच्ची को बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया और वहां से फरार हो गए। पुलिस बच्ची और बदमाशों की तलाश कर रही है।

Image

बदमाशों ने मां से छीनी नवजात बच्ची (फोटो साभार - istock)

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बाइक सवार बदमाशों ने एक मां से उसकी नवजात बच्ची छीन ली और फरार हो गए। यह घटना अल्हागंज थाना क्षेत्र की है, जहां एक महिला अपनी 15 दिन की बच्ची को गोद में लेकर जा रही थी, तभी पीछे से बाइक सवार बदमाश उसकी बच्ची लेकर फरार हो गए। इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस बच्ची की तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक बच्ची का पता नहीं चल सका है। वहीं इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोश में आ गए और उन्होंने गुस्से में बझेड़ा चौराहे पर जाम लगा दिया।

बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर गई थी मां

अल्हागंड थाना क्षेत्र के कोठा मंझा गांव के निवासी रविंद्र कुमार की पत्नी संगीता ने 15 दिन पहले ही बच्ची को जन्म दिया था। उसका पति रविंद्र दिल्ली की एक फैक्टरी में काम करता है और शुक्रवार को ही काम पर वापस लौटा था। इस बीच बच्ची की तबियत बिगड़ने पर संगीता अपनी सास के साथ बच्ची को लेकर शाहजहांपुर के अस्पताल में आई थी। इसी दौरान घर लौटते वक्त तीन बजे के करीब बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया।

बदमाशों की तलाश कर रही पुलिस

जब संगीता अपनी बच्ची को डॉक्टर को दिखा कर वापस गांव लौट रही थी, वह ई-रिक्शा से उतरकर पैदल गांव जा रही थी। तभी बझेड़ा चौराहे के आधा किमी दूर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी गोद से बच्ची छीन ली और फरार हो गए। दोनों महिलाओं ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें पकड़ने में नाकाम रहीं। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। साथ ही जलालाबाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article