शहर

स्कूल बस ने कांवड को मारी टक्कर, गुस्साए कांवड़ियों ने Bus में की तोड़फोड़; जांच में जुटी पुलिस

हरियाणा के फतेहाबाद में एक स्कूल बस ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना से गुस्साए कावड़ियों ने बस को रोका और उसमें तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया।

Image

स्कूल बस ने कांवड को मारी टक्कर, गुस्साए कांवड़ियों ने Bus में की तोड़फोड़

हरियाणा के फतेहाबाद में गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि कावड़ियों ने ये हंगामा स्कूल बस द्वारा कांवड़ियों को टक्कर मारने के बाद किया। जानकारी के अनुसार, कावड़ियों का एक जत्था हरिद्वार से फतेहाबाद की ओर जा रहा था। उसी दौरान एक स्कूल बस ने रतिया के टोहाना रोड के पास कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना के दौरान बस में स्कूल के बच्चे भी सवार थे। घटना से आक्रोशित कावड़ियों ने खूब हंगामा किया।

स्कूल बस में की तोड़फोड़

घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने बस को रुकवाया और बच्चों को नीचे उतारा फिर बस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। कांवड़ियों का गुस्सा देख बस से नीचे उतरे स्कूल के बच्चे भी डर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने कांवड़ियों को शांत कराने का प्रयास किया।

इस घटना पर एक कांवड़िए का कहना है कि बस चालक ने पहले कांवड़ को टक्कर मारी थी। जब उन्होंने उससे सवाल किए तो चालक ने बदतमीजी करनी शुरू की। वहीं, बस के कंडक्टर का कहना है कि वाहन से कांवड़ को टक्कर लग गई थी। इसके बाद उन्होंने बस को जबरन रुकवाया और उसमें तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस से कांवड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बस चालकों में आक्रोश

डीएसपी संजय बिश्नोई ने कहा कि कुछ कांवड़िए हरिद्वार से आ रहे थे। तभी एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के वक्त बच्चे भी बस में मौजूद थे, लेकिन वह तोड़फोड़ से पहले ही बस से उतर गए थे। स्कूल के बस चालकों द्वारा कांवड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बस में हुई तोड़फोड़ से बस चालकों में आक्रोश भरा हुआ है। बस चालकों ने रास्ते में बसें लगाकर रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जांच के अनुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

(इनपुट -IANS)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article