सहारनपुर जिले में बेटे के खिलाफ दर्ज FIR रद्द कराने की मांग को लेकर एक व्यक्ति बिजली के टावर पर चढ़ गया, लेकिन अब खुद भी मुकदमेबाजी में फंस गया है। पुलिस के अनुसार घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से उसे नीचे उतारा गया। सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टावर पर चढ़े व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया गया है। सागर ने कहा कि कानून को हाथ में लेने का जो भी प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होगी।
बेटे पर छेड़छाड़ का आरोप
घटना के संदर्भ में जैन ने बताया कि ग्राम ताहरपुर मे रविवार को गांव के एक युवक शेखर (26) पर छेड़छाड़ का आरोप लगा। शेखर और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर युवती के परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने शेखर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा किया।
टावर पर चढ़कर दी खुदकुशी की धमकी
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा, ’’रविवार शाम दोनों पक्षों के लोग मामले को निपटाने के लिये इकट्ठा हुए, तभी आरोपी शेखर का पिता महेन्द्र (53) अपने बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमे को रद्द कराने की मांग को लेकर गांव में ही बिजली के एक टावर पर चढ गया।’’ उन्होंने कहा कि उसने आत्महत्या करने की धमकी देनी शुरू कर दी। जैन ने बताया कि उसके टावर पर चढते ही वहां ग्रामीणों का जमघट लग गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पिता के खिलाफ पुलिस एक्शन
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस भी वहां पहुंची और महेन्द्र को काफी समझाया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। किसी तरह पुलिस ने उसे आश्वासन देते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया। सागर जैन ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास करने वाले महेन्द्र के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
