Ram Setu in Ghaziabad UP: गाजियाबाद नगर निगम की कार्यकारी समिति ने राजनगर विस्तार को उत्तर प्रदेश (UP) गेट से जोड़ने वाली 10 किलोमीटर लंबी उपरिगामी सड़क का नाम बदलकर 'रामसेतु' करने का फैसला किया है। गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि अब इस सड़क का नाम 'एलिवेटेड' रोड की जगह 'रामसेतु' कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क पर पत्थर की नाम पट्टी लगाई जाएगी, गाजियाबाद नगर निगम के सूत्रों के मुताबिक, 'यह (एलिवेटेड रोड) समाजवादी पार्टी (SP) की महत्वाकांक्षी परियोजना थी और इसका निर्माण 2014 में अखिलेश यादव के कार्यकाल के दौरान शुरू किया गया था। साल 2017 में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकाल में इसका उद्घाटन किया गया था।'
गौर हो कि इस रोड के बनने की शुरुआत अखिलेश यादव सरकार में हुई थी लेकिन इसका उद्घाटन 2017 में भाजपा सरकार ने किया था।अधिकारियों ने कहा कि इसके निर्माण पर लगभग 1,147 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके बन जाने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा करने वाले हजारों मुसाफिरों को सुविधा हुई है।
