Republic Day 2026 Traffic Advisory: जिस दिन का या जिस पल का दिल्लीवासियों समेत सभी भारतीयों को इंतजार था, वो करीब आ गया है। जी हां! गणतंत्र दिवस 2026 (Republic Day 2026), ऐसे में समारोह की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को कड़ा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध, रूट डायवर्जन और पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई है। पुलिस ने बताया है कि समारोह के समय कई सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी या वहां जाने पर रोक रहेगी। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी यात्रा पहले से योजना बना लें। यह जानकारी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की है।
क्या है ट्रैफिक एडवाइजरी?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग के रास्ते लाल किले तक पहुंचेगी। परेड से पहले सुबह 9:30 बजे से परेड मार्ग और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। विजय चौक पर 25 जनवरी की शाम 6:00 बजे से परेड खत्म होने तक सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। कर्तव्य पथ पर 25 जनवरी की रात 10:00 बजे से इंडिया गेट तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। सी-हेक्सागन (इंडिया गेट) पर 26 जनवरी की सुबह 9:15 बजे से तिलक मार्ग पार करने तक यातायात बंद रहेगा, जबकि तिलक मार्ग और सुभाष मार्ग पर सुबह 10:30 बजे से आवाजाही प्रतिबंधित होगी।
इन वाहनों की एंट्री पर रोक
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि 25 जनवरी की रात 9 बजे से लेकर 26 जनवरी को परेड समाप्त होने तक (लगभग दोपहर 1:30 बजे तक), सभी भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसी समय फरीदाबाद से आने वाले कमर्शियल वाहन भी दिल्ली में नहीं आ सकेंगे। हालांकि, मेट्रो रेल सेवा अपने सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से चालू रहेगी। दिल्ली पुलिस के निर्देशों के अनुसार 25 और 26 जनवरी 2026 को ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली में सभी भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा।
दिल्ली से सटे बॉर्डरों पर ऐसा रहेगा हाल
ट्रैफिक प्रबंधन के तहत गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली की सीमा पर स्थित प्रमुख बॉर्डरों जैसे चिल्ला रेड लाइट, डीएनडी और कालिंदी कुंज पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। इन बॉर्डरों से आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को जीरो प्वाइंट से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की दिशा में मोड़ा जाएगा। मेन सड़कों पर वाहन खड़े न हों, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की क्यूआरटी टीम भी तैनात की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर नोएडा के बॉटनिकल गार्डन, सिटी सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक सिटी और बर्ड सेंचुरी जैसे मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग को खाली कराकर बंद कर दिया जाएगा।
मेट्रो सेवाएं इस टाइम से होंगी शुरू
इसी के साथ, गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर, जब पूरा देश उत्साह और गर्व के साथ समारोहों में भाग लेगा, दिल्ली मेट्रो अपनी सभी लाइनों पर सुबह 3:00 बजे से सेवाएं शुरू करेगी। इस खास व्यवस्था का लक्ष्य कर्तव्य पथ तक यात्रियों की सहज आवाजाही सुनिश्चित करना और उन्हें गणतंत्र दिवस परेड देखने में सुविधा प्रदान करना है। यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह 6:00 बजे तक ट्रेनों का संचालन 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा, इसके बाद दिनभर सामान्य समय-सारणी के अनुसार सेवाएं जारी रहेंगी। यात्रियों से आग्रह है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और प्रारंभिक मेट्रो सेवाओं का लाभ उठाएं। इसके अलावा, मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहेंगी, ताकि समारोह में शामिल होने वाले लोग आसानी से अपनी गाड़ियां पार्क कर सकें।
