शहर

Video: रणथंभौर टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों के सामने आया बाघ, गश्त के दौरान बाल-बाल बचाई जान

राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सुल्तानपुर वन क्षेत्र में सोमवार को वनकर्मी बाइक पर गश्त के दौरान अचानक बाघ आरबीटी-2511 के सामने आ गए। बाघ को आक्रामक स्थिति में देखकर वनकर्मियों ने तुरंत अपनी बाइक छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। यह घटना टाइगर रिजर्व में बाघों के कभी-कभी आक्रामक व्यवहार की ओर भी इशारा करती है।

Ranthambore Tiger Reserve Tiger Attack: राजस्थान के सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सुल्तानपुर वन क्षेत्र में सोमवार वनकर्मी बाइक पर गश्त कर रहे थे, तभी अचानक सामने बाघ आरबीटी-2511 आ गया। बताया जा रहा है कि, बाघ को आक्रामक स्थिति में देखकर वनकर्मियों ने तुरंत अपनी बाइक वहीं छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। यदि समय रहते प्रतिक्रिया नहीं होती, तो यह घटना बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी।

वनकर्मियों की हालत हुई खराब

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रणथंभौर टाइगर रिजर्व की आरोपीटी रेंज के सुल्तानपुर वन नाके के अंतर्गत आने वाले गाड़ा डूब वन क्षेत्र में वनकर्मी निरंजन अपने साथ होमगार्ड जितेंद्र शर्मा के साथ बाइक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सामने बाघ आरबीटी-2511 आ गया। बाघ को देखकर वनकर्मियों की सांसे थम गई और उनका दिल दहल उठा। वहीं, सामने बाइक पर सवार लोगों को देख बाघ भी आक्रामक हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ को गिरी हुई बाइक के पास देखा जा रहा है।

हमले से पहले वनकर्मियों ने बचाई जान

बताया जा रहा है कि, बाघ के हमले से पहले ही वनकर्मियों ने अपनी सरकारी बाइक वहीं छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। सौभाग्य से, बाघ ने उनका पीछा नहीं किया, वरना यह घटना गंभीर हादसे में बदल सकती थी। बाघ ने बाइक की सीट पर कई बार जोरदार वार किए, जिससे सीट फट गई। साथ ही बाइक को और भी नुकसान पहुंचा है।

कुछ बाघों का व्यवहार होता है आक्रामक

पार्क में भ्रमण कर रही एक पर्यटक जिप्सी में सवार पर्यटकों ने मौके पर पड़ी बाइक और बाघ दोनों को देखा। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, टाइगर रिजर्व के क्रिटिकल टाइगर हबिटेट वाले क्षेत्रों में कुछ बाघों का व्यवहार आक्रामक होता है। ऐसे अप्रिय हादसों से बचने के लिए विभाग को वनकर्मियों को चौपहिया वाहन उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि गश्त के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article