Ranchi Action on Playing loud Songs: रांची की सड़कों पर देर रात बारात निकालने एवं तेज आवाज में गाना बजाने पर पाबंदी लगा दी गई है। बुधवार से रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर गाना या बैंड बजाने पर मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल या धर्मशाला का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं आवासीय इलाकों में निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर मैरिज हॉल के संचालक पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। साउंड सिस्टम भी जब्त करने का आदेश जारी किया गया है। अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने इससे संबंधित आदेश जारी किया है।
इस आदेश के मुताबिक सभी मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल एवं धर्मशाला संचालकों को नियमों की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही एक चेतावनी नोटिस भी दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि शादी एवं अन्य समारोह में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाया जा रहा है। इससे ध्वनि प्रदूषण काफी अधिक हो रहा है। अक्सर आम लोग कॉल करके इसकी सूचना दे रहे और शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
