राँची

Ranchi Murder Case: रांची में दवा कारोबारी को उसकी पत्नी ने ही अपार्टमेंट से फेंका था, हड़पने थे इंश्योरेंस के 1.5 करोड़ रुपए

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 13, 2022, 05:24 PM IST

Ranchi Police: नौ महीने पहले शहर में हुई दवा कारोबारी की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। कारोबारी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि एक बड़े लालच में उसकी हत्या की गई थी। यह हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनकी दूसरी पत्नी ने की है। आरोपी महिला को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

Image

दवा कारोबारी को पत्नी ने ही फेंका था अपार्टमेंट से (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • अरगोड़ा थाने की पुलिस ने नौ महीने बाद सुलझाई हत्या की गुत्थी
  • 50 वर्षीय राकेश रंजन की 20 मार्च 2022 को अपार्टमेंट से गिरकर हुई थी मौत
  • मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

Ranchi News: बहुचर्चित राकेश रंजन के मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दवा कारोबारी 50 साल के राकेश रंजन ने अपने अपार्टमेंट से कूदकर जान नहीं दी थी। 20 मार्च 2022 को उनकी दूसरी पत्नी ने उनकी हत्या की थी। हत्याकांड के नौ महीने बाद अरगोड़ा थाने की पुलिस ने कारोबारी की दूसरी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया, उसके बाद उसे जेल भेज दिया।

शहर के अरगोड़ा चौक पर राकेश रंजन की दवा दुकान थी। मेडिसिन की दुकान का वे संचालन करते थे। इन पर कोरोना काल में रेमडेसिविर नाम की दवा की कालाबाजारी का भी आरोप लगा था। उनकी मौत से पहले इस मामले की जांच भी चल रही थी।

नाबालिग बेटे ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी

राकेश रंजन की मौत पर उनके 14 साल के बेटे ने अपनी सौतेली मां के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। मृतक के बेटे ने 20 मार्च को अरगोड़ा थाने में केस दर्ज करवाया था। वह पटना में रहता है। जबकि राकेश रंजन और मृतक की पत्नी रांची में पुंदाग रोड स्थित अपार्टमेंट में साथ रहते थे।

मरने से पहले बेटे को कहा था, मुझे बचा लो

पुलिस का कहना है कि, जब उन लोगों ने जांच-पड़ताल शुरू की तो राकेश रंजन के बेटे के मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग मिली। यह घटना वाले दिन की थी। इसमें राकेश ने मरने से कुछ देर पहले अपने बेटे को कॉल किया था और कहा था कि, मुझे बचा लो। मुझे पटना ले चलो, नहीं तो यह लोग मुझे मार देंगे। कॉल रात 2:22 बजे की गई थी।

पति के बाद इंश्योरेंस क्लेम किया तब हुआ शक

राकेश रंजन की मौत से इंश्योरेंस के डेढ़ करोड़ रुपए मिलने थे। राकेश की नॉमिनी आरोपी पत्नी थी। पति की मौत होने के साथ ही आरोपी पत्नी ने इंश्योरेंस क्लेम की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इस पर इंश्योरेंस अधिकारी जब जांच के लिए पुलिस के पास पहुंचे तो शक गहरा गया। फिर जांच में खुलासा हुआ की इंश्योरेंस के पैसे हड़पने के लिए मृतक की पत्नी ने ही अपने पति को अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर से नीचे फेंक दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article